Gold-Silver rate Down: टूटा गोल्ड-सिल्वर का भाव, सोना ₹1,58,700 से फिसला, चांदी 3000 से ज्यादा लुढ़की
punjabkesari.in Tuesday, May 26, 2026 - 09:13 AM (IST)
बिजनेस डेस्कः सप्ताह के दूसरे कारोबारी दिन मंगलवार (26 मई) को सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने का भाव 395 रुपए (0.25%) टूटकर 1,58,686 रुपए प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा है। वहीं चांदी की कीमत में 3116 रुपए (1.13%) की गिरावट आई है, एक किलोग्राम चांदी 2,73,600 रुपए पर है।
सर्राफा बाजार में सोमवार को सोने-चांदी का भाव
राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोमवार को डॉलर के कमजोर होने तथा अमेरिका और ईरान के बीच संभावित शांति समझौते को लेकर बनी उम्मीदों के कारण सोने की कीमतों में 300 रुपए की बढ़ोतरी हुई और इसकी कीमत 1.65 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुंच गई। स्थानीय बाजार के जानकारों के अनुसार, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत में 300 रुपए का इजाफा हुआ। शुक्रवार को बाजार बंद होने के समय इसकी कीमत 1,64,900 रुपए प्रति 10 ग्राम थी, जो बढ़कर 1,65,200 रुपए प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) हो गई। हालांकि, बाजार के जानकारों ने बताया कि चांदी की कीमतें 2,71,000 रुपए प्रति किलोग्राम पर अपरिवर्तित रहीं।
सोना खरीदते समय इन 2 बातों का रखें ध्यान
सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदें: हमेशा ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड (BIS) का हॉलमार्क लगा हुआ सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदें। ये नंबर अल्फान्यूमेरिक यानी कुछ इस तरह से हो सकता है- AZ4524। हॉलमार्किंग से पता चलता है कि सोना कितने कैरेट का है।
कीमत क्रॉस चेक करें: सोने का सही वजन और खरीदने के दिन उसकी कीमत कई सोर्सेज (जैसे इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन की वेबसाइट) से क्रॉस चेक करें।
