10g Gold Rate: लगातार दूसरे दिन सोने-चांदी की कीमतों में उछाल, खरीदने से पहले चेक करें 21 जुलाई के रेट
punjabkesari.in Tuesday, Jul 21, 2026 - 10:10 AM (IST)
बिजनेस डेस्कः आज लगातार दूसरे दिन सोने-चांदी के दामों में तेजी दर्ज की जा रही है। मंगलवार (21 जुलाई) को MCX पर 10 ग्राम सोने का दाम 922 रुपए की तेजी के साथ 1,42,310 रुपए पर है। वहीं चांदी की कीमत में 2310 रुपए का उछाल आया है, एक किलोग्राम चांदी 2,20,710 रुपए पर कारोबार कर रही है। इंटरनेशनल मार्केट में बी सोना-चांदी उछले हैं।
दिल्ली सर्राफा बाजार में सोने-चांदी का दाम
राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार को सोने की कीमतों में 1,400 रुपए की तेजी आई और यह करीब 1.47 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुंच गया। अखिल भारतीय सर्राफा संघ ने कहा कि 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 1,400 रुपए बढ़कर 1,46,900 रुपए प्रति 10 ग्राम (सभी कर सहित) पर पहुंच गया जबकि शुक्रवार को यह 1,45,500 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
हालांकि, चांदी की कीमतों में लगातार छठे कारोबारी सत्र में गिरावट जारी रही। चांदी 1,000 रुपए टूटकर 2,21,500 रुपए प्रति किलोग्राम (सभी कर सहित) रह गई। पिछले सत्र में यह 2,22,500 रुपए प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। चांदी में 10 जुलाई के बाद से अब तक कुल 15,500 रुपए यानी करीब 6.5 प्रतिशत की गिरावट आ चुकी है।
सर्राफा कारोबारियों ने कहा कि पिछले सप्ताह की तेज गिरावट के बाद सोने में निचले स्तर पर खरीदारी देखने को मिली, जिससे इसकी कीमतों को सहारा मिला। वहीं, चांदी में बिकवाली का दबाव बना रहा, क्योंकि निवेशक भू-राजनीतिक जोखिमों और अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों को ऊंचे स्तर पर बनाए रखने की संभावनाओं का आकलन कर रहे हैं।
