Gold-Silver Rate Hike: चांदी में ₹5,000 से ज्यादा का उछाल, 10g गोल्ड इतना हुआ महंगा
punjabkesari.in Friday, Mar 06, 2026 - 10:29 AM (IST)
बिजनेस डेस्कः सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन यानि शुक्रवार (6 मार्च) को सोने-चांदी में तेजी जारी है। MCX पर 10 ग्राम सोने का भाव 1268 रुपए की तेजी के साथ 1,60,941 रुपए पर कारोबार करता दिखा। वहीं चांदी की कीमत में 5241 रुपए का उछाल आया, एक किलोग्राम चांदी की कीमत 2,67,432 रुपए है।
दिल्ली में सोना 7,600 रुपए लुढ़का, चांदी 27,700 रुपए टूटी
बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोने की कीमतों में 7,600 रुपए प्रति 10 ग्राम और चांदी की कीमतों में 27,700 रुपए प्रति किग्रा की गिरावट आई। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, चांदी की कीमत 27,700 रुपए या 9.23 प्रतिशत की भारी गिरावट के साथ 2,72,300 रुपए प्रति किलोग्राम (सभी कर मिलाकर) रह गई।
लेमन मार्केट्स डेस्क के शोध विश्लेषक, गौरव गर्ग ने कहा, ''बृहस्पतिवार को चांदी की कीमतों में भारी उतार-चढ़ाव देखा गया क्योंकि अमेरिका-इज़राइल-ईरान के बीच बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव से बढ़ी मजबूत सुरक्षित निवेश वाली परिसंपत्तियों की मांग को, ऊंचे स्तर पर भारी मुनाफावसूली ने बेअसर कर दिया।''
होली के कारण मंगलवार और बुधवार को सर्राफा बाजार बंद रहे। 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना भी 7,600 रुपए या 4.4 प्रतिशत टूटकर 1,65,200 रुपए प्रति 10 ग्राम (सभी कर मिलाकर) रह गया। पिछले बाजार सत्र में यह 1,72,800 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) सौमिल गांधी ने कहा, ''बृहस्पतिवार को कमजोर वैश्विक संकेतों के बीच सोने की कीमतों में गिरावट आई, जबकि मजबूत भारतीय रुपए ने घरेलू सर्राफा पर दबाव डाला।''
