जन्माष्टमी पर सोना-चांदी धड़ाम, 2,800 रुपये तक गिरे दाम; जानें वजह
punjabkesari.in Friday, Sep 04, 2026 - 09:43 PM (IST)
नई दिल्ली: कृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर घरेलू सराफा और कमोडिटी बाजार से ग्राहकों के लिए बड़ी राहत की खबर आई है। त्योहार के इस विशेष दिन पर सोने और चांदी की कीमतों में अचानक भारी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे बाजार में हलचल तेज हो गई है। शुक्रवार को सोने की कीमतों में करीब 1,200 रुपये तक की बड़ी गिरावट देखी गई, जबकि चांदी भी 1,600 रुपये तक लुढ़क गई।
घरेलू बाजार (MCX) पर सोने-चांदी के ताजा भाव
शाम के कारोबार के दौरान मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने और चांदी की कीमतों में मंदी का रुख साफ दिखाई दिया:
- सोना (Gold Prices): घरेलू बाजार में 5 अक्टूबर की डिलीवरी वाला सोना 0.63 फीसदी (करीब 975 रुपये) की गिरावट के साथ 1,54,800 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर ट्रेड करता दिखा। दिनभर के कारोबार के दौरान सोने ने जहां 1,57,075 रुपये का उच्च स्तर (हाई) छुआ, वहीं यह फिसलकर 1,54,605 रुपये प्रति 10 ग्राम के निचले स्तर (लो) तक भी चला गया था।
- चांदी (Silver Prices): वहीं, 4 दिसंबर की डिलीवरी वाली चांदी 0.47 फीसदी (करीब 1,099 रुपये) की कमजोरी के साथ 2,41,250 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर कारोबार करती दिखी। दिन के दौरान चांदी ने 2,42,055 रुपये का उच्चतम स्तर और 2,39,525 रुपये प्रति किलोग्राम का निचला स्तर छुआ।
त्योहार के सीजन में क्यों आई अचानक गिरावट?
आमतौर पर त्योहारों के दौरान मांग बढ़ने से सोने-चांदी के दाम बढ़ते हैं, लेकिन इस बार बाजार का ट्रेंड बिल्कुल अलग रहा। केडिया एडवायजरी के मार्केट एक्सपर्ट के अनुसार, इस गिरावट के पीछे कोई घरेलू या त्योहार से जुड़ा कारण नहीं है, बल्कि इसके पीछे अंतरराष्ट्रीय बाजार की परिस्थितियां मुख्य रूप से जिम्मेदार हैं।
गिरावट के पीछे निम्नलिखित बड़े कारण बताए हैं:
- मजबूत अमेरिकी डॉलर: वैश्विक स्तर पर बनी अनिश्चितताओं के बीच अमेरिकी डॉलर का मजबूत होना सोने-चांदी की कीमतों पर भारी पड़ा है।
- कच्चे तेल में उछाल: पिछले कुछ दिनों में कच्चे तेल (Crude Oil) की कीमतें लगातार ऊपर गई हैं, जिससे बाजार की धारणा प्रभावित हुई है।
- अमेरिकी रोजगार डेटा का इंतजार: अमेरिका के रोजगार से जुड़े आंकड़े (एम्प्लॉयमेंट डेटा) आने वाले हैं, जिस पर दुनिया भर के निवेशकों की नजरें टिकी हुई हैं। इस डेटा के जरिए निवेशक यह समझने की कोशिश कर रहे हैं कि अमेरिकी केंद्रीय बैंक 'फेडरल रिजर्व' आने वाले समय में ब्याज दरों को लेकर क्या फैसला ले सकता है।
- मुनाफावसूली का दबाव: बाजार में पिछले दिनों आई तेजी के बाद निवेशकों द्वारा की जा रही मुनाफावसूली (Profit-Booking) को भी इस बड़ी गिरावट की एक मुख्य वजह माना जा रहा है।
