Gold-Silver में रिकॉर्ड तेजी की संभावना, सोना ₹1,70,000 और चांदी ₹3,40,000 तक पहुंचने का अनुमान
punjabkesari.in Thursday, May 14, 2026 - 05:14 PM (IST)
बिजनेस डेस्कः आयात शुल्क बढ़ाकर 15 प्रतिशत किए जाने के बाद सोना और चांदी की कीमतों में तेजी की संभावना जताई जा रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले समय में MCX पर सोना 1.70 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम और चांदी 3.40 लाख रुपए प्रति किलो तक पहुंच सकती है।
नुवामा प्रोफेशनल क्लाइंट्स ग्रुप के फॉरेक्स और कमोडिटी हेड अभिलाष कोइक्करा के अनुसार, इस सप्ताह सोना और चांदी दोनों में मजबूत तेजी का रुख बना हुआ है।
MCX गोल्ड का आउटलुक
एमसीएक्स गोल्ड साप्ताहिक चार्ट पर मजबूत तेजी दिखा रहा है। आयात शुल्क बढ़ने से गोल्ड को अतिरिक्त सपोर्ट मिला है और बाजार का बेस ट्रेंड अब भी ऊपर की ओर बना हुआ है। विशेषज्ञों के अनुसार, 1,55,000 रुपए का स्तर गोल्ड के लिए अहम सपोर्ट है। जब तक कीमतें इस स्तर के ऊपर बनी रहती हैं, तब तक तेजी का रुख कायम रह सकता है। अगर यह स्तर टूटता है तो बाजार में बड़ी गिरावट देखने को मिल सकती है।
वर्तमान सेटअप के अनुसार गोल्ड का अगला बड़ा लक्ष्य 1,70,000 रुपए माना जा रहा है। बाजार में तेजी का माहौल और सकारात्मक संकेत फिलहाल कीमतों को ऊपर बनाए हुए हैं।
MCX सिल्वर का आउटलुक
चांदी भी साप्ताहिक चार्ट पर मजबूत तेजी के संकेत दे रही है। आयात शुल्क में बढ़ोतरी के बाद इसमें नई खरीदारी देखने को मिली है। बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक, चांदी का ट्रेंड फिलहाल पूरी तरह पॉजिटिव बना हुआ है।
विश्लेषकों का कहना है कि 2,62,000 रुपए का स्तर सिल्वर के लिए अहम सपोर्ट है। जब तक कीमतें इसके ऊपर बनी रहती हैं, तब तक तेजी जारी रह सकती है। सिल्वर का अगला बड़ा लक्ष्य 3,20,000 रुपए माना जा रहा है, जबकि उसके बाद 3,40,000 रुपए तक पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
