सेंसेक्स-निफ्टी धड़ाम, डिफेंस स्टॉक्स में उछाल, HAL और BEL टॉप गेनर

punjabkesari.in Friday, May 09, 2025 - 12:52 PM (IST)

बिजनेस डेस्कः भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव का असर भारतीय शेयर बाजार पर स्पष्ट रूप से देखने को मिला। बाजार गिरावट के साथ खुला और सुबह 9:55 बजे सेंसेक्स 834 अंकों की गिरावट के साथ 79,500 पर कारोबार करता देखा गया। इसी तरह, निफ्टी 50 में 258 अंकों की गिरावट आई और यह 24,015 पर पहुंच गया। 

डिफेंस सेक्टर में उछाल

हालांकि बाजार में व्यापक गिरावट के बीच डिफेंस सेक्टर के शेयरों ने मजबूती दिखाई। हिंदुस्तान एरोनॉटिक्स (HAL), भारत डायनामिक्स, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स (BEL) और अन्य रक्षा कंपनियों के शेयरों में शुरुआती कारोबार के दौरान 2 से 5 फीसदी की तेजी देखी गई। विशेषज्ञों का कहना है कि संभावित युद्ध या सैन्य कार्रवाई की स्थिति में रक्षा बजट में वृद्धि की उम्मीद से निवेशकों का रुझान डिफेंस सेक्टर की ओर बढ़ा है।

पारस डिफेंस, BEL और HAL में तेजी

  • पारस डिफेंस के शेयर 5% की तेजी के साथ 1439 रुपए तक पहुंचे, बाद में यह 3.24% बढ़त के साथ 1403 रुपये पर कारोबार कर रहा था।
  • BEL के शेयर 4% तक चढ़े, फिर हल्की गिरावट के बाद 2.83% की तेजी के साथ 315.85 रुपए पर पहुंचे।
  • HAL के शेयरों में 2% तेजी रही और यह 4500.60 रुपए पर कारोबार कर रहा था।
  • भारत फोर्ज भी 2.25% बढ़कर 1138.50 रुपए पर पहुंच गया।

कपड़ा और बैंकिंग सेक्टर में गिरावट

कपड़ा सेक्टर में मुनाफावसूली देखने को मिली। SP अपैरल्स, गोकलदास एक्सपोर्ट्स और अरविंद के शेयरों में लगभग 2% की गिरावट रही।

बैंकिंग सेक्टर भी दबाव में रहा। HDFC बैंक और ICICI बैंक के अमेरिकी डिपॉजिटरी रिसीट्स (ADRs) में रातोंरात 4% से अधिक की गिरावट के चलते घरेलू बाजार में भी कमजोरी दिखी। HDFC बैंक का शेयर 1% और ICICI बैंक का शेयर 1% से अधिक गिर गया।
 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News