सेंसेक्स एक बार फिर 50 हजार के पार, निफ्टी 15 हजार से आगे निकला

punjabkesari.in Tuesday, May 18, 2021 - 04:36 PM (IST)

बिजनेस डेस्कः मुंबईः वैश्विक बाजारों के सकारात्मक रुख और घरेलू बाजार में बड़े शेयरों में लिवाली के चलते मंगलवार को बंबई शेयर बाजार (बीएसई) का संवेदी सूचकांक 613 अंक उछलकर 50 हजार से ऊपर निकल गया। बीएसई सेंसेक्स में बड़ा स्थान रखने वाले शेयरों एचडीएफसी बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज और बजाज फाइनेंस में लिवाली निकलने से बाजार में तेजी रही। 

कारोबार की समाप्ति पर बीएसई का 30-शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 612.60 अंक यानी 1.24 प्रतिशत बढ़कर 50,193.33 अंक पर बंद हुआ। इसी प्रकार नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी भी 184.95 अंक यानी 1.24 प्रतिशत बढ़कर 15,000 अंक के स्तर को पार करता हुआ 15,108.10 अंक पर पहुंच गया। सेंसेक्स में शामिल शेयरों में महिन्द्रा एण्ड महिन्द्रा में सबसे ज्यदा,करीब छह प्रतिशत की बढ़त रही। बजाज आटो, टाइटन, बजाज फाइनेंस, एचडीएफसी बैंक और पावर ग्रिड भी लाभ में रहे। भारती एयरटेल, आईटीसी, डा रेड्डीज लैब और स्टेट बैंक जैसे कई प्रमुख शेयरों में गिरावट रही। 

रिलायंस सिक्युरिटीज के बाजार रणनीति प्रभाग के प्रमुख विनोद मोदी ने कहा, "कोविड-19 के नए मामलों में गिरावट के शुरुआती संकेत मिलने और अर्थव्यवस्था में सुधार की गति तेज होने की उम्मीद से घरेलू शेयर बाजारों में तेजी का रुख रहा।'' एशियाई बाजारों से मजबूती के संकेतों से भी बाजारों में तेजी को समर्थन मिला। एशियाई बाजारों में शंघाई, हांग कांग, टोक्यो और सोल में सकारात्मक रुख रहा वहीं यूरोपीय बाजारों में दोपहर तक के कारोबार में लाभ की स्थिति रही। इस बीच अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट कच्चे तेल का भाव 0.82 प्रतिशत बढ़कर 70.03 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

सोमवार को हरे निशान पर बंद हुआ था शेयर बाजार  
सोमवार को शेयर बाजार में खरीदारी हुई और यह जोरदार बढ़त के साथ बंद हुआ। सेंसेक्स 848.18 अंक यानी 1.74 फीसदी ऊपर 49580.73 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 245.35 अंक यानी 1.67 फीसदी की तेजी के साथ 14923.15 के स्तर पर बंद हुआ था।

सभी एशियाई बाजारों में बढ़त

  • जापान का निक्केई इंडेक्स 613 पॉइंट ऊपर 28,438 पर कारोबार कर रहा है।
  • चीन का शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 3 अंक की बढ़त के साथ 3,521 पर बना है।
  • हांगकांग का हेंगसेंग इंडेक्स 410 पॉइंट ऊपर 28,553 पर कारोबार कर रहा है।
  • कोरिया का कोस्पी इंडेक्स 34 अंकों की बढ़त के साथ 3,168 पर आ गया है।
  • ऑस्ट्रेलिया का ऑल ऑर्डनरीज इंडेक्स 29 पॉइंट ऊपर 7,285 पर पहुंच गया है।

अमेरिकी बाजार गिरावट के साथ बंद
सोमवार को सभी अमेरिकी बाजार गिरावट के साथ बंद हुए थे। डाउ जोंस 0.16% की गिरावट के साथ 54.34 अंक नीचे 34,327.80 पर बंद हुआ था। नैस्डैक 0.38% की गिरावट के साथ 50.93 अंक नीचे 13,379.00 पर बंद हुआ। S&P 500 इंडेक्स 10.56 पॉइंट नीचे 4,163.29 पर बंद हुआ था। इधर, फ्रांस और जर्मनी के बाजार भी गिरावट के साथ बंद हुए थे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Recommended News

Related News