Morgan Stanley on Stock Market: हो गई बड़ी घोषणा! मॉर्गन स्टेनली की रिपोर्ट में दावा- सेंसेक्स छुएगा 1 लाख का आंकड़ा

punjabkesari.in Wednesday, May 21, 2025 - 05:53 PM (IST)

बिजनेस डेस्कः भारतीय शेयर बाजार ने बुधवार को शानदार रिकवरी दर्ज की। बीएसई सेंसेक्स 410.20 अंकों की बढ़त के साथ 81,596.63 पर बंद हुआ, जबकि एनएसई निफ्टी50 129.55 अंक चढ़कर 24,813.45 पर बंद हुआ। हाल की गिरावट के बाद यह उछाल निवेशकों के लिए राहतभरा रहा। इसी बीच ग्लोबल ब्रोकरेज फर्म मॉर्गन स्टेनली की एक रिपोर्ट ने बाजार को नई ऊर्जा दी है।

सेंसेक्स 1 लाख तक जा सकता है: मॉर्गन स्टेनली

मॉर्गन स्टेनली की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, हालिया गिरावट लंबी अवधि के निवेश के लिए एक सुनहरा मौका है। रिपोर्ट में कहा गया है कि जून 2026 तक सेंसेक्स 1,00,000 के स्तर तक पहुंच सकता है, जो अब तक का सबसे ऊंचा आंकड़ा होगा।

  • बेस केस अनुमान: सेंसेक्स 89,000 तक पहुंच सकता है (वर्तमान स्तर से 8% बढ़ोतरी)
  • बुल केस आउटलुक: यदि अनुकूल परिस्थितियां बनी रहीं, तो सेंसेक्स 1,00,000 अंक को पार कर जाएगा

क्या कहा विशेषज्ञों ने?

मॉर्गन स्टेनली के इक्विटी स्ट्रैटेजिस्ट रिधम देसाई और नयनत पारेख ने कहा, “हमने जून 2026 के लिए सेंसेक्स का टारगेट 89,000 तय किया है, जो आय अनुमानों में वृद्धि के आधार पर है। यह स्तर सेंसेक्स को 23.5x ट्रेलिंग पी/ई पर लाता है, जो 25 साल के औसत 21x से अधिक है।”

मंदी की चेतावनी भी दी

हालांकि, रिपोर्ट में 20% संभावना मंदी की भी जताई गई है, जिसमें सेंसेक्स 70,000 तक गिर सकता है। इसका मुख्य कारण बताया गया है:

  • कच्चे तेल की कीमतें 100 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर जाना
  • अमेरिका में मंदी
  • वैश्विक विकास दर में तेजी से गिरावट
  • भारतीय आय में FY28 तक 15% वार्षिक कमी की आशंका

इस स्थिति में RBI द्वारा मौद्रिक सख्ती और बिगड़ते माइक्रो फंडामेंटल्स के चलते वैल्यूएशन दबाव में आ सकते हैं।

निवेशकों के लिए संकेत

शेयर बाजार की मौजूदा स्थिति को देखते हुए मॉर्गन स्टेनली का संदेश स्पष्ट है- गिरावट में खरीद का मौका है। अगर अर्थव्यवस्था और नीतियों का समर्थन मिलता रहा, तो भारत का शेयर बाजार नई ऊंचाइयों को छू सकता है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News