Stock Market Open on Saturday: शनिवार को खुलेगा शेयर बाजार, BSE-NSE पर होगी मॉक ट्रेडिंग

punjabkesari.in Friday, Mar 13, 2026 - 05:49 PM (IST)

बिजनेस डेस्कः आमतौर पर शनिवार और रविवार को भारतीय शेयर बाजार बंद रहते हैं लेकिन इस बार शनिवार, 14 मार्च को बाजार खुला रहेगा। हालांकि इस दिन सामान्य ट्रेडिंग नहीं बल्कि मॉक ट्रेडिंग सेशन आयोजित किया जाएगा। इस संबंध में Bombay Stock Exchange (BSE) और National Stock Exchange (NSE) ने सर्कुलर जारी कर जानकारी दी है।

यह मॉक ट्रेडिंग सेशन एक्सचेंज की प्राइमरी साइट (PR) और डिजास्टर रिकवरी साइट (DR) दोनों पर आयोजित किया जाएगा। इसका उद्देश्य ट्रेडिंग सिस्टम की मजबूती और आपात परिस्थितियों में काम करने की क्षमता का परीक्षण करना है।

BSE के मुताबिक, 14 मार्च को इक्विटी, इक्विटी डेरिवेटिव्स, करेंसी डेरिवेटिव्स, कमोडिटी डेरिवेटिव्स और इलेक्ट्रॉनिक गोल्ड रिसीप्ट जैसे कई सेगमेंट में मॉक ट्रेडिंग सेशन होगा। इस दौरान ट्रेडिंग मेंबर और ब्रोकर्स अपने ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म या ETI APIs के जरिए बनाए गए सिस्टम को अलग-अलग बाजार परिस्थितियों में टेस्ट कर सकेंगे। इसमें रिस्क-रिडक्शन मोड, ट्रेडिंग हॉल्ट और अन्य तकनीकी फंक्शनैलिटीज की जांच की जाएगी।

एक्सचेंज ने साफ किया है कि यह सेशन केवल टेस्टिंग के लिए होगा। इसमें किए गए ट्रेड पर मार्जिन की कोई बाध्यता नहीं होगी और न ही कोई पे-इन या पे-आउट लागू होगा। इससे किसी भी तरह का वित्तीय अधिकार या देनदारी उत्पन्न नहीं होगी।

BSE पर मॉक ट्रेडिंग का समय

BSE के इक्विटी सेगमेंट में लॉग-इन सुबह 9:15 से 9:45 बजे तक किया जा सकेगा। प्राइमरी साइट पर ट्रेडिंग 10:15 बजे से दोपहर 1 बजे तक होगी। इसके बाद 1 से 1:45 बजे के बीच सिस्टम को डिजास्टर रिकवरी साइट पर शिफ्ट किया जाएगा। DR साइट पर ट्रेडिंग दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगी, जबकि क्लोजिंग 4 से 4:10 बजे के बीच होगी।

इक्विटी डेरिवेटिव्स और इलेक्ट्रॉनिक गोल्ड रिसीप्ट सेगमेंट में लॉग-इन सुबह 9:15 से 10 बजे तक होगा। प्राइमरी साइट पर ट्रेडिंग 10:15 से 1 बजे और DR साइट पर 2 से 4 बजे तक जारी रहेगी।

वहीं कमोडिटी और करेंसी डेरिवेटिव्स सेगमेंट में लॉग-इन सुबह 9:15 से 10 बजे तक होगा और प्राइमरी साइट पर ट्रेडिंग दोपहर 1 बजे तक चलेगी। इसके बाद DR साइट पर ट्रेडिंग 2 बजे से 4 बजे तक होगी।

NSE पर मॉक ट्रेडिंग की टाइमिंग

NSE के अनुसार, कैपिटल मार्केट (इक्विटी) सेगमेंट में मॉक ट्रेडिंग के दौरान ब्लॉक डील विंडो सुबह 8:45 से 9 बजे तक खुलेगी। प्री-ओपन सेशन 9 से 9:08 बजे तक रहेगा और सामान्य ट्रेडिंग 9:15 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक चलेगी।

इसके बाद DR साइट पर दूसरा सेशन होगा, जिसमें प्री-ओपन टाइम दोपहर 1 से 1:08 बजे तक रहेगा। सामान्य ट्रेडिंग 1:15 बजे से 3:15 बजे तक होगी और क्लोजिंग सेशन 3:25 से 3:35 बजे तक चलेगा।

NSE में करेंसी और कमोडिटी डेरिवेटिव्स, फ्यूचर्स-ऑप्शंस और सिक्योरिटीज लेंडिंग एंड बॉरोइंग जैसे अन्य सेगमेंट में भी अलग-अलग समय के अनुसार मॉक ट्रेडिंग कराई जाएगी।

कुल मिलाकर, 14 मार्च को बाजार खुला जरूर रहेगा लेकिन यह सिर्फ तकनीकी परीक्षण के लिए होगा और निवेशकों के लिए सामान्य ट्रेडिंग नहीं मानी जाएगी।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News