दिवाली-धनतेरस से पहले सस्ता हुआ सोना, चांदी की चमक बढ़ी
punjabkesari.in Wednesday, Oct 19, 2022 - 11:43 AM (IST)

बिजनेस डेस्कः अंतरराष्ट्रीय बाजार और भारतीय वायदा मार्केट में आज बुधवार, 19 अक्टूबर को सोना और चांदी के रेट में बदलाव हुआ है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने में आज गिरावट आई है तो चांदी में हल्की तेजी है। यही ट्रेंड भारतीय बाजार में है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने का भाव आज शुरुआती कारोबार में 0.08 फीसदी गिर गया है। वहीं, चांदी का रेट आज एमसीएक्स पर 0.05 फीसदी की तेजी लिए हुए है। दिवाली और धनतेरस के कारण दोनों कीमती धांतुओं की अच्छी मांग है। परंतु, यह मांग सोने में अभी तेजी नहीं ला रही है।
बुधवार को वायदा बाजार में 24 कैरेट शुद्धता वाले सोने का भाव 9:05 बजे 40 रुपए टूटकर 50,374 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गया है। सोने का भाव आज 50,397 रुपये पर खुला था। एक बार यह 50,317 रुपए तक चला गया. बाद में इसमें थोड़ी मजबूती आई और भाव 50,374 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गया. मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर आज चांदी के भाव में थोड़ी तेजी देखी जा रही है। चांदी का रेट आज 26 रुपए तेज होकर 56,380 रुपए प्रति किलोग्राम हो गया है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार सोना गिरा, चांदी तेज
अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने के भाव में आज हल्की गिरावट आई है। सोने का हाजिर भाव आज 0.04 फीसदी गिरकर 1,650.13 डॉलर प्रति औंस रह गया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी का भाव आज तेज हुआ है। चांदी का हाजिर भाव आज 0.34 फीसदी बढ़कर 18.72 डॉलर प्रति औंस हो गया है।