ट्विटर, मेटा के बाद HP ने किया छंटनी का ऐलान, 6000 कर्मचारियों की नौकरी खतरे में

punjabkesari.in Wednesday, Nov 23, 2022 - 02:33 PM (IST)

बिजनेस डेस्कः दुनिया भर की टेक कंपनियों में छंटनी का हड़कंप मचा हुआ है। मेटा, ट्विटर, अमेजन के बाद अब एक और बड़ी कंपनी ने नौकरियों में कटौती का फैसला किया है। लैपटॉप और इलेक्ट्रॉनिक्स निर्माता एचपी इंक से लगभग 6,000 कर्मचारियों को निकाल सकती है। हालांकि, राहत की बात यह है कि कंपनी तुरंत एक साथ छंटनी नहीं करेगी। बल्कि छंटनियों का यह दौर 2025 के अंत तक जारी रह सकता है।  

एचपी इंक में वर्तमान में लगभग 50,000 लोग काम कर रहे हैं। 6,000 की छंटनी का मतलब यह की कंपनी अपनी ग्लोबल वर्कफोर्स में 12 फीसदी की कटौती करेगी। कंपनी ने घोषणा की है कि वह आने वाले वर्षों में लगभग 4,000 से 6,000 कर्मचारियों को निकाल देगी। एचपी ने अपनी वित्तीय वर्ष 2022 की अपनी रिपोर्ट में इस बात की जानकारी दी है। कहा गया है, “कंपनी को लगभग 4,000-6,000 कर्मचारियों को विश्व स्तर पर कम करने की उम्मीद है। इस कार्यों के वित्त वर्ष 2025 के अंत तक पूरा होने की उम्मीद है।”

क्यों छंटनी पर उतारू हैं कंपनियां

महामारी के दौरान पीसी और लैपटॉप सेगमेंट की बिक्री में जबरदस्त उछाल आया था लेकिन अब यह ठंडा पड़ गया है। इसी को ध्यान में रखते हुए कंपनी ने नौकरियों में कटौती का फैसला लिया है। यही हाल, बाकी कंपनियों का भी है, जिन्होंने कोरोना के वक्त लॉकडाउन और वर्क फ्रॉम होम के चलते खूब चांदी काटी और अब जबकि सबकुछ खुलने लगा है तो ये कंपनियां छंटनी कर रही हैं।

इसके अलावा वैश्विक बाजारों में मुद्रास्फीति और मंदी की चिंता भी निर्णायक कारकों में से एक हो सकती है। इन स्थितियों को देखते हुए, HP इंक को पहली तिमाही में उम्मीद से कम मुनाफा होने की उम्मीद है। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News