Gold-Silver Bounce Back: दो दिन की गिरावट के बाद आज फिर उछले सोने-चांदी के भाव, जानें 10g पीली धातु की कीमत
punjabkesari.in Wednesday, Feb 18, 2026 - 10:33 AM (IST)
बिजनेस डेस्कः दो दिन लगातार गिरावट के आज (18 फरवरी) सोने-चांदी की कीमतों में फिर तेजी आई है। खबर लिखे जाने के समय MCX पर 10 ग्राम सोने का भाव 1.32 फीसदी यानि 2046 रुपए की तेजी के साथ 1,53,464 रुपए पर कारोबार कर रहा है। चांदी की बात करें तो इसमें 3.59 फीसदी (8406 रुपए) का उछाल आया है। चांदी की कीमत 2,37,189 रुपए पर है। वहीं इंटरनेशनल मार्केट में भी दोनों कीमती धातुओं में तेजी आई है।
सर्राफा बाजार में सोने-चांदी की कीमत
राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में मंगलवार को बहुमूल्य धातुओं की कीमतों में दो प्रतिशत तक की गिरावट आई। कमज़ोर वैश्विक संकेतों के बीच सुस्त मांग की वजह से चांदी की कीमत 2.45 लाख रुपए प्रति किलोग्राम और सोने की कीमत 1.57 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम रह गयी। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, चांदी की कीमत सोमवार के बंद स्तर 2,50,000 रुपए प्रति किलोग्राम से 5,000 रुपए या दो प्रतिशत घटकर 2,45,000 रुपए प्रति किलोग्राम (सभी कर मिलाकर) रह गई।
सर्राफा बाजार में, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 2,200 रुपए या 1.4 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,57,000 रुपए प्रति 10 ग्राम (सभी कर मिलाकर) रह गया। पिछले सत्र में सोने की कीमत 1,59,200 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी। चॉइस ब्रोकिंग की जिंस विश्लेषक, कावेरी मोरे ने कहा, ''मंगलवार को सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट आई क्योंकि एशियाई बाजार की छुट्टियों के कारण कम नकदी प्रवाह और अमेरिका में महंगाई दर के नरम आंकड़ों ने भविष्य में फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दर में कटौती की उम्मीदों को बढ़ावा दिया।''
