सुकून भीतर है, उसे बस बाहर लाना है
punjabkesari.in Sunday, Nov 15, 2026 - 05:25 AM (IST)
हर इंसान, हर उम्र और हर हाल में एक ही चीज खोज रहा है और वह है खुशी। बच्चा उसे खिलौनों में ढूंढता है, नौजवान उपलब्धियों में। बड़ा कामयाबी और रिश्तों में, बुजुर्ग शायद सुकून और किसी के साथ में। ‘यह हासिल कर लूं, तब खुश होऊंगा।’ ‘बच्चे सैटल हो जाएं, तब जाकर चैन मिलेगा।’ ‘जिम्मेदारियां निपटें, तब जिंदगी का मजा लूंगा।’ खुशी क्षितिज बन जाती है, ठिकाना नहीं। हम जितना बढ़ें, वह उतना हटती जाती है। तो शायद अब एक असहज सवाल का वक्त है, क्या हम गलत जगह तलाश करते रहे? वह पल याद कीजिए जब मनचाही चीज आखिर मिली थी। कुछ देर आप पूरे थे। मन खामोश था, चिंताएं घुल गई थीं और खुशी बिना कोशिश उमड़ रही थी। फिर धीरे-धीरे चमक फीकी पड़ी, नई ख्वाहिशें आईं और उनके लिए फिर से शिकार शुरू। क्या खुशी सचमुच उस उपलब्धि में थी? या ख्वाहिश पूरी होने से बेचैन मन बस इतनी देर चुप हुआ कि हम पहले से मौजूद खुशी चख सके?
तैत्तिरीय उपनिषद आनंद को अस्तित्व के गहरे स्वभाव की बुनियाद बताता है। स्थायी तृप्ति बाहर से पाने की नहीं, भीतर पहचानने का विषय है। बाहरी अनुभव सुख और सच्ची खुशी देते हैं। पर जब खुशी पूरी तरह बदलते हालात पर टिकी हो, तो चैन भी उन्हीं जितना अनिश्चित हो जाता है। एक सुंदर वेदांती दृष्टांत है कि एक औरत बदहवास होकर अपना हार ढूंढ रही थी। उसने हर कमरा छाना, हर अलमारी खोली और आसपास सबसे पूछताछ की। आखिर एक सहेली ने मुस्कुराकर कहा, ‘‘हर जगह क्या ढूंढ रही हो? हार तो तुम्हारे गले में ही है।’’ औरत ने गले को छुआ और समझ गई। उसे कुछ नया नहीं दिया गया था। उसने बस वही पहचाना जो पहले से मौजूद था। शायद स्थायी खुशी की तलाश भी ऐसी ही है, जो चैन ढूंढ रहे हैं, वह शायद भीतर ही है।
जब जिंदगी बनी गुरु : यह सबक मुझे किताब से नहीं, खोने से मिला। हाल ही में मैंने किसी बेहद अपने को खोया और शास्त्र जिस समझ की ओर बस इशारा करते थे, वह ऐसी गहराई से उतरी, जो कोई उपदेश नहीं दे सकता। अस्पताल के गलियारों में बिताए उन लंबे घंटों में, जहां हर चेहरे पर अनिश्चितता थी, हवा में उम्मीद और दुआ टंगी थी और जिंदगी की नाजुकता से आंख चुराना नामुमकिन था, मुझे जिंदगी के सबसे गहरे सबकों में से एक मिला कि जिंदगी टालने की चीज नहीं, हर दिन जिंदादिली से जीने का विषय है। मैंने जाना, होश में जिया हर पल तोहफा है। हर बातचीत, हर सांझी खामोशी, हर सांस और प्यार करने का हर मौका अनमोल है। एक जानी-पहचानी आवाज। खामोशी में थामा हुआ हाथ। परिवार के साथ बांटा खाना। ये छोटी बातें नहीं, यही जिंदगी है। दुख भी कोमलता और मौजूदगी का हकदार है। उन गलियारों से जो सीख मेरे साथ लौटी, वह सीधी-सादी थी-अपनी खुशी को मत टालो। अपने प्यार को मत टालो। जीना मत टालो।
मन साधिए, आनंद पाइए- मन अद्भुत साधन है और भारी रुकावट भी। एक कड़वी बातचीत खूबसूरत दिन को स्याह कर सकती है। कल की एक फिक्र आज का चैन चुरा सकती है। इसका मतलब विचारों को दबाना या भावनाओं से इंकार करना नहीं। मतलब है उन्हें देखने की वह जागरूकता पाना, जिससे वे हम पर हावी न हों। ‘मैं बेचैन हूं’ कहने और यह पहचानने में जमीन-आसमान का फर्क है कि ‘मेरे मन में बेचैनी उठ रही है और मुझे इसका होश है।’ इसी छोटे बदलाव से भीतरी आजादी शुरू होती है। विचार बदलते हैं। भावनाएं बदलती हैं। हालात बदलते हैं। पर जागरूकता इन सबसे साफ नजर और संतुलन से मिलने देती है।
ठहराव का एक पल : दिन आगे बढ़ाने से पहले ठहरिए। आराम से बैठिए। आंखें हल्के से बंद कीजिए। सहज सांस को महसूस कीजिए। न कुछ पाना है, न कुछ सुधारना, न कहीं पहुंचना है। विचारों को खुले आसमान में बादलों की तरह आने-जाने दीजिए। चंद पलों के लिए खुशी की तलाश छोड़ दीजिए। बस मौजूद रहिए। हो सकता है आप पाएं कि चैन को हमेशा गढऩा नहीं पड़ता। कभी-कभी उसे बस बाहर लाना होता है।
खुशहाल जीवन की असली कला : खुशहाल जीवन मुश्किलों, निराशाओं या दुखों से आजाद जिंदगी नहीं। इसका मतलब है जिंदगी के बदलते रहने पर भी भीतर से जुड़े रहना। इसका मतलब है कामयाबी का लुत्फ लेना, पर उस पर निर्भर न होना। गहराई से प्यार करना पर खुद को न खोना। अनिश्चितता को अपनाना पर संतुलन न गंवाना। आध्यात्मिक ज्ञान जिंदगी से कटने को नहीं कहता, जागरूक होकर उसमें हिस्सा लेने को कहता है। खुशहाल जीवन की कला सिर्फ खुश होना सीखना नहीं, यह भीतर पहले से मौजूद शांत आनंद को पहचानना और मिले हुए पलों में और ज्यादा जागरूकता, प्यार और मौजूदगी लाना है। वर्तमान पल जिंदगी का प्रतीक्षालय नहीं, वही जिंदगी है।(लेखिका स्प्रिचुअल-लाइफस्टाइल मैंटर एवं ‘अमृतम-संजीवनी शरणम’ की संस्थापक हैं)-संगीता मित्तल
