अरुंधति भट्टाचार्य बन सकती हैं रिजर्व बैंक की पहली महिला गवर्नर

punjabkesari.in Monday, Jun 13, 2016 - 08:32 PM (IST)

नई दिल्ली: स्टेट बैंक की चेयरपर्सन अरुंधति भट्टाचार्य रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया की पहली महिला गवर्नर बन सकती हैं। ऐसा सरकारी सूत्रों के हवाले से बताया जा रहा है। इस साल रिजर्व बैंक के गवर्नर रघुराम राजन और अरुंधति भट्टाचार्य का कार्यकाल लगभग एक ही समय सितंबर में समाप्त हो जाएगा। 
 
अरुंधति भट्टाचार्य ने बतौर एसबीआई की पहली महिला प्रमुख कार्यभार संभाला था। हाल ही में अमेरिकी बिजनेस पत्रिका फोब्र्स की वित्तीय क्षेत्र की पांच शक्तिशाली महिलाओं की सूची में अरुंधति भट्टाचार्य को वित्तीय दुनिया की पांचवीं सबसे ताकतवर महिला की जगह दी गई। अरुंधति ने फोब्र्स की 100 सबसे ताकतवर महिलाओं की सूची में भी 25वां स्थान हासिल किया।
 
अरुंधति भट्टाचार्य ने देश के करीब 200 साल पुराने बैंक को टेक्नोलॉजी आधारित बैंकिंग में अग्रणी बनाने में अहम योगदान दिया है। उन्होंने डिजिटल बैंकिंग आउटलेट एसबीआइएनटच, मोबाइल वॉलेट स्टेट बैंक बडी, रिटेल इंटरनेट बैंकिंग एप स्टेट बैंक एनीवेयर, एसबीआइ टेक लर्निग सेंटर, एसबीआइ ई-पे की शुरुआत करवाई है। अरुंधति की अगुआई में एसबीआई का नेटवर्क बढ़कर 17,000 ब्रांचों वाला हो गया। भारतीय स्टेट बैंक की दुनिया के 36 देशों में मौजूदगी है। इसके ग्राहकों की संख्या भी 33 करोड़ से ज्यादा है।
 
आरबीआई का अगला गवर्नर बनने की दौड़ में कई और चेहरे भी शामिल हैं, जिनमें रघुराम राजन खुद एक बड़ा चेहरा हैं, क्योंकि फाइनेंस मिनिस्ट्री का एक बड़ा तबका उनके सपोर्ट में है। उनके अलावा चीफ इकोनॉमिक एडवाइजर अरविंद सुब्रमण्यम भी एक नाम हैं। सेबी चेयरमैन यूके सिन्हा भी इस रेस में बताए जा रहे हैं।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News