RBI Account Balance: RBI के खाते में कितना पैसा है? रिजर्व बैंक ने खुद बताया अपना बही खाता
punjabkesari.in Saturday, May 31, 2025 - 01:26 PM (IST)

नेशनल डेस्क: देश के सबसे ताकतवर बैंक—भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI)—के पास कितना पैसा है? यह सवाल अक्सर लोगों के मन में आता है, लेकिन अब इसका जवाब खुद RBI ने अपनी ताज़ा सालाना रिपोर्ट में दिया है। इस रिपोर्ट में न सिर्फ आरबीआई के खजाने की पूरी तस्वीर सामने आई है, बल्कि यह भी बताया गया है कि कहां से आई इतनी संपत्ति, और किन मदों में किया जा रहा है खर्च।
RBI के खाते में कितना पैसा है?
31 मार्च 2025 तक, भारतीय रिजर्व बैंक के कुल खातों (बहीखाते) का आकार बढ़कर 76.25 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया है। यह पिछले साल की तुलना में 8.20% की बढ़ोतरी को दर्शाता है। इसके चलते RBI ने केंद्र सरकार को 2.69 लाख करोड़ रुपये का डिविडेंड भी दिया है, जो किसी भी वित्तीय वर्ष में सरकार को मिलने वाली सबसे बड़ी रकमों में से एक है।
संपत्ति बढ़ने के पीछे क्या कारण हैं?
RBI की वार्षिक रिपोर्ट के अनुसार, बहीखाते के आकार में हुई इस बढ़त के पीछे तीन अहम वजहें हैं:
-
सोने में निवेश – 52.09% की बढ़त
-
घरेलू निवेश – 14.32% की वृद्धि
-
विदेशी निवेश – 1.70% का इज़ाफा
कमाई और खर्च का लेखाजोखा
साल 2024-25 में RBI की कुल कमाई में 22.77% की वृद्धि दर्ज की गई, वहीं खर्चों में 7.76% का इज़ाफा हुआ। RBI ने वित्त वर्ष का अंत 2,68,590.07 करोड़ रुपये के अधिशेष (सरप्लस) के साथ किया, जो पिछले साल के 2,10,873.99 करोड़ रुपये से 27.37% ज़्यादा है।
देयताओं और परिसंपत्तियों में क्या बदला?
-
नोट जारी करने से संबंधित देनदारियां – 6.03% बढ़ीं
-
रिवैल्यूएशन अकाउंट – 17.32% की वृद्धि
-
अन्य देनदारियां – 23.31% की छलांग
घरेलू परिसंपत्तियों की हिस्सेदारी 31 मार्च 2025 तक बढ़कर 25.73% हो गई है। वहीं, विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियां, सोने और विदेशी संस्थानों को दिए गए कर्जों का कुल संपत्तियों में हिस्सा 74.27% रहा।
आपातकालीन खर्चों के लिए कितना सुरक्षित?
RBI ने इमरजेंसी के लिए 44,861.70 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है, जिसे विशेष आपदा निधि (Emergency Fund) में ट्रांसफर कर दिया गया है। यह भविष्य में आर्थिक संकट या अन्य आपात स्थितियों से निपटने की दिशा में एक बड़ा कदम है।