US: प्रदर्शनकारियों ने 4 पुलिसवालों को मारी गोली, अश्वेत की मौत पर भड़की हिंसा

punjabkesari.in Friday, Jul 08, 2016 - 02:00 PM (IST)

डल्लास (टेक्सास): अमेरिका में टेक्सास के डल्लास में अश्वेत लोगों की मौत के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान बंदूकधारियों की गोलीबारी में चार पुलिस अधिकारियों की मौत हो गई और सात अन्य घायल हो गए। डल्लास के पुलिस प्रमुख डेविड ब्राउन ने एक बयान में बताया कि मिन्नेसोटा और लुईसियान में पुलिस गोलीबारी के विरोध में कुछ लोग विरोध प्रदर्शन कर रहे थे कि इसी दौरान दो बंदूकधारियों ने 11 अधिकारियों को गोली मार दी जिनमें से चार पुलिस अधिकारियों की मौत हो गई और एक अधिकारी की सर्जरी की गई है।

एक घायल की स्थिति गंभीर बनी हुई है। ब्राउन ने बताया कि एक संदिग्ध को पकड़ लिया गया है जबकि दूसरे बंदूकधारी का पता नहीं चल सका है। अधिकारियों ने बताया कि डल्लास के चार ट्रांजिट अधिकारियों को गोली मारी गई है लेकिन उनकी स्थिति के बारे में अभी पता नहीं चल सका है। टेलीविजन फुटेज में दिखाया गया है कि मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है। उल्लेखनीय है कि गत बुधवार को मिनेसोटा के उपनगर सेंट पॉल और लुइसियाना के बेटन रोज में हुई घातक पुलिस गोलीबारी के विरोध में कल सैंकड़ों लोग विरोध प्रदर्शन के लिए जुटे थे।

स्थानीय समयानुसार रात आठ बजकर 45 मिनट पर गोलीबारी शुरू हो गई थी। ये प्रदर्शनकारी बुधवार को मिनसोटा के एक अधिकारी द्वारा फिलांदो कास्टाइल को गोली मार दिए जाने के बाद जुटे थे। सेंट पॉल उपनगर में जिस समय कार में बैठे फिलांदो को गोली मारी गई, उस समय कार में एक महिला और बच्ची भी थी। गोली मारे जाने के बाद के घटनाक्रम को फेसबुक वीडियो के जरिए शेयर कर दिया गया था। लुईसियाना में एल्टन स्टरलिंग (37) को गोली मारी गई थी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News