‘गोमती रिवर फ्रंट’ का विकास ऐसे करें जो दुनिया में मिशाल बन जाए: अखिलेश

punjabkesari.in Monday, Aug 03, 2015 - 06:56 PM (IST)

लखनऊ: मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने लखनऊ के बीच से गुजरने वाली गोमती नदी के रिवर फ्रंट का विकास इस तरह से करने का अधिकारियों को निर्देश दिया है जिससे नफासत और तहजीब का यह शहर देश और दुनिया में एक उदाहरण बने। यादव ने कहा कि लखनऊ प्रदेश की राजधानी के साथ-साथ एक ऐतिहासिक नगर भी है और शहर के बीच से गुजरने वाली गोमती नदी के रिवर फ्रण्ट का विकास इस प्रकार किया जाना चाहिए, जिससे नगरवासियों के दैनिक जीवन में सुखद गुणात्मक परिवर्तन आए और यह शहर देश-दुनिया के लिए एक मिसाल बने। 

उन्होंने कहा कि गोमती नदी के दाएं तटबन्ध पर अमर शहीद पथ से 45 मीटर मास्टर प्लान रोड तक बंधे का निर्माण कराया जाये। यादव ने आज यहां तीन वर्षों में सिंचाई विभाग द्वारा किये गये कार्यों, लखनऊ में गोमती रिवर फ्रण्ट का विकास,नदियों की सतत अविरलता बनाए रखने के लिए प्रस्तावित रबर डैम परियोजना आदि पर सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग द्वारा दिए गए प्रस्तुतीकरण के बाद कहा कि नदियों के तटबंध का सौन्दर्यीकरण करके दुनिया के कई देशों ने सम्बन्धित नगरों को जीवन्त बना दिया है। इसी प्रकार राज्य सरकार भी गोमती नदी का रिवर फ्रण्ट विकसित करके लखनऊ को जीवन्त एवं आकर्षक शहर बनाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि अधिकतर नदियां नगरों की वर्तमान व्यवस्था के कारण प्रदूषित होती हैं,इसलिए गोमती नदी को लखनऊ नगर में स्वच्छ बनाकर एक सकारात्मक संदेश दिया जाना चाहिए। 
 
यादव ने कहा कि गोमती में गिरने वाले नालों पर ध्यान देना होगा जिससे नदी का पानी स्वच्छ एवं लगातार प्रवाहित होता रहे। शहर के विभिन्न सड़कों पर अलग से साइकिल ट्रैक बनाने का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि लखनऊ में तांगा चलाने की भी व्यवस्था होनी चाहिए। उन्होंने ठोस अपशिष्ट निस्तारण एवं यातायात व्यवस्था को वर्तमान समय की एक बड़ी चुनौती बताते हुए कहा कि अगर इन दोनों बिन्दुओं पर शीघ्र ध्यान नहीं दिया गया तो लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि ज्यादातर नदियों का जल बड़े नगरों में आने से पहले स्वच्छ होता है, लेकिन जैसे ही किसी बड़े नगर में नदी प्रवेश करती है, उसका जल प्रदूषित हो जाता है। इसलिए नगरों से उत्सर्जित होने वाले गंदे प्रवाह के बारे शीघ्र काम किया जाना चाहिए। यादव ने कहा कि राज्य की समाजवादी पार्टी की सरकार नगरों, विशेष रूप से लखनऊ की आबोहवा एवं संसाधनों के विकास पर गंभीरता से काम कर रही है। 

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News