ICICI-HDFC-PNB-SBI समेत इन Bank पर RBI का नया निर्देश लागू: बदल दिए वेबसाइट्स के डोमेन
punjabkesari.in Saturday, Nov 01, 2025 - 12:59 PM (IST)
नेशनल डेस्क: डिजिटल बैंकिंग के तेजी से बढ़ते दौर में ग्राहकों की सुरक्षा सबसे बड़ी चुनौती बन गई है। ऑनलाइन ठगी, फिशिंग और साइबर फ्रॉड जैसी घटनाओं के बीच अब भारतीय बैंक एक नया, मजबूत कदम उठा रहे हैं। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) ने देश के सभी बैंकों को निर्देश दिया है कि वे अपनी नेट बैंकिंग वेबसाइट्स को सुरक्षित और एक्सक्लूसिव डोमेन ‘.bank.in’ पर माइग्रेट करें। इसका मकसद न सिर्फ साइबर सुरक्षा को मजबूत करना है, बल्कि ग्राहकों का विश्वास भी बढ़ाना है।
नया डोमेन: बैंकिंग सुरक्षा का गेम-चेंजर
RBI ने अप्रैल 2025 में एक सर्कुलर जारी कर कहा था कि डिजिटल लेन-देन की सुरक्षा और फिशिंग जैसी धोखाधड़ी को रोकने के लिए बैंकों की वेबसाइट्स अब केवल ‘.bank.in’ डोमेन पर ही होनी चाहिए। यह डोमेन सिर्फ भारतीय बैंकों के लिए सुरक्षित रखा गया है। मतलब, अब कोई भी फर्जी वेबसाइट या ठग बैंक जैसी दिखने वाली साइट बनाकर लोगों को भ्रमित नहीं कर सकेगा।
कौन से बैंक पहले ही शिफ्ट हो चुके हैं?
कुछ बड़े बैंकों ने अपने नए URLs अपडेट कर दिए हैं:
-
ICICI Bank: https://www.icici.bank.in/
-
HDFC Bank: https://www.hdfc.bank.in/
-
Axis Bank: https://www.axis.bank.in/
-
Kotak Mahindra Bank: https://www.kotak.bank.in/en/home.html
-
Punjab National Bank: https://pnb.bank.in/
-
State Bank of India: https://sbi.bank.in/
सभी बैंक आश्वस्त कर रहे हैं कि उनके पुराने URLs अभी भी काम करेंगे और नए डोमेन पर अपने आप रीडायरेक्ट होंगे, ताकि ग्राहकों को किसी तरह की परेशानी न हो।
डोमेन बदलने की वजह
RBI ने स्पष्ट किया कि यह कदम साइबर सुरक्षा को बढ़ाने, फिशिंग और ऑनलाइन फ्रॉड को रोकने और डिजिटल बैंकिंग में जनता का भरोसा मजबूत करने के लिए जरूरी है। कई बार धोखेबाज बैंकों जैसी दिखने वाली वेबसाइट बनाकर लोगों के लॉगिन क्रेडेंशियल्स चुरा लेते हैं। ‘.bank.in’ डोमेन ऐसे साइबर खतरों से सुरक्षा सुनिश्चित करेगा।
संचालन और जिम्मेदारी
‘.bank.in’ डोमेन का संचालन IDRBT (Institute for Development and Research in Banking Technology) करेगा। यह संस्था NIXI और MeitY के तहत बैंकों को रजिस्ट्रेशन, माइग्रेशन और सुरक्षा प्रोटोकॉल्स की पूरी गाइडेंस दे रही है। RBI ने बैंकों को निर्देश दिया है कि 31 अक्टूबर 2025 तक सभी वेबसाइट्स नए डोमेन पर हो जाएं।
RBI ने संकेत दिया है कि भविष्य में ‘fin.in’ नाम का एक नया एक्सक्लूसिव डोमेन लॉन्च किया जाएगा, जो गैर-बैंकिंग वित्तीय संस्थानों (NBFCs) और अन्य फाइनेंशियल सर्विस प्रोवाइडर्स के लिए होगा। ग्राहकों को अब यह सुनिश्चित करना होगा कि वे हमेशा बैंक की आधिकारिक वेबसाइट ‘.bank.in’ पर ही लॉगिन करें और किसी अनजान लिंक या ईमेल से अपनी जानकारी साझा न करें। नया डोमेन साइबर फ्रॉड रोकने में मदद करेगा, लेकिन सतर्कता फिर भी जरूरी है।
