ट्रंप चाहें भी तो इन देशों पर नहीं लगा सकते टैरिफ, अमेरिका से पूरी तरह नाता तोड़े बैठे हैं ये देश
punjabkesari.in Thursday, Aug 07, 2025 - 02:07 PM (IST)

नेशनल डेस्क: अमेरिका और खासकर डोनाल्ड ट्रंप की टैरिफ नीति आजकल दुनिया भर में चर्चा का विषय बनी हुई है। भारत, चीन, ब्राज़ील और रूस जैसे बड़े देश ट्रंप की टैरिफ नीतियों का शिकार बन चुके हैं। हाल ही में ट्रंप ने भारत पर 25 फीसदी अतिरिक्त टैरिफ लगाते हुए कुल 50 फीसदी कर दिया। उन्होंने यह कदम भारत द्वारा रूस से तेल खरीदने को लेकर उठाया है। भारत ने इस फैसले को अनुचित और अन्यायपूर्ण बताया है और कहा है कि वह अपने राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए जरूरी कदम उठाएगा। हालांकि भारत अकेला नहीं है, चीन, रूस और ब्राज़ील जैसे देश भी अमेरिकी व्यापार नीतियों की मार झेल रहे हैं।
क्यों ट्रंप के टैरिफ बम से नहीं डरते कुछ देश
जब बात अमेरिका के व्यापारिक रिश्तों की होती है, तो यह जानना जरूरी हो जाता है कि कुछ देश ऐसे भी हैं जिनका अमेरिका के साथ कोई भी व्यापारिक संबंध नहीं है। ट्रंप चाहें भी तो इन देशों पर कोई टैरिफ नहीं लगा सकते क्योंकि ये देश अमेरिका के साथ एक रुपये का भी व्यापार नहीं करते।
दुनिया के ज्यादातर देश जुड़े हैं अमेरिका से
आज के समय में वैश्विक व्यापार इस तरह से जुड़ा हुआ है कि लगभग हर देश किसी न किसी रूप में अमेरिका के साथ व्यापार करता है। कोई देश अमेरिका से ज्यादा निर्यात करता है तो कोई अमेरिका से वस्तुएं आयात करता है। लेकिन कुछ देश ऐसे भी हैं जो अमेरिकी प्रतिबंधों, वैचारिक मतभेदों या राजनीतिक कारणों से अमेरिका से कोई व्यापार नहीं करते।
कौन-कौन से देश नहीं करते अमेरिका से व्यापार
1. ईरान (Iran)
ईरान लंबे समय से अमेरिका के कड़े आर्थिक प्रतिबंधों का सामना कर रहा है। इस्लामिक क्रांति के बाद अमेरिका और ईरान के बीच रिश्ते बेहद तनावपूर्ण हो गए थे। अमेरिका ने ईरान पर तेल निर्यात सहित कई क्षेत्रों में प्रतिबंध लगा दिए हैं। इसके चलते ईरान ने अपना फोकस घरेलू तेल और गैस कारोबार पर किया है और व्यापार के लिए चीन, रूस और तुर्किए जैसे देशों के साथ सहयोग बढ़ाया है।
2. क्यूबा (Cuba)
क्यूबा अमेरिका के साथ 1960 से व्यापार नहीं कर रहा है। फिदेल कास्त्रो के शासन में क्यूबा ने साम्यवादी नीतियां अपनाईं, जिससे अमेरिका ने उस पर आर्थिक और व्यापारिक प्रतिबंध लगा दिए। लेकिन इसके बावजूद क्यूबा ने अपने हेल्थकेयर और मेडिकल टूरिज्म क्षेत्र में काफी तरक्की की है। क्यूबा, रूस और वेनेजुएला जैसे देशों के साथ संबंध मजबूत करता आ रहा है।
3. नॉर्थ कोरिया (North Korea)
नॉर्थ कोरिया और अमेरिका के बीच लंबे समय से तनावपूर्ण रिश्ते हैं। किम जोंग उन की अगुवाई में नॉर्थ कोरिया ने परमाणु हथियारों और मिसाइल तकनीक पर जोर दिया है। अमेरिका ने इस पर कड़े प्रतिबंध लगाए हैं और दोनों देशों के बीच कोई व्यापार नहीं होता। नॉर्थ कोरिया अपनी जरूरतों के लिए चीन और रूस पर निर्भर है, जो उसे भोजन, ईंधन और सैन्य सहायता प्रदान करते हैं।