Donald Trump: देश को संबोधन में ट्रंप का बड़ा ऐलान, 10 लाख जवानों को 1,776 डॉलर के दिए जाएंगे चेक
punjabkesari.in Thursday, Dec 18, 2025 - 08:41 AM (IST)
इंटरनेशनल डेस्क: व्हाइट हाउस से राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार रात देश के नाम लाइव प्राइम-टाइम संबोधन दिया, जिसमें उनका मुख्य फोकस अमेरिकी अर्थव्यवस्था रहा। अपने भाषण के दौरान उन्होंने यह भी बताया कि वह शुक्रवार को नॉर्थ कैरोलाइना में एक रैली को संबोधित करेंगे।
ट्रंप ने महंगाई और ऊंची कीमतों के लिए अपने पूर्ववर्ती राष्ट्रपति जो बाइडेन को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार के कार्यकाल में आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ है और कई सकारात्मक प्रगति देखने को मिली है। भाषण के दौरान ट्रंप ने एक बार फिर बाइडेन पर तीखे हमले किए।
In an address to the Nation, US President Donald Trump says, "Tonight, I am also proud to announce that more than 1,450,000 military service members will receive a special warrior dividend before Christmas. In honour of our nation's founding in 1776, we are sending every soldier… pic.twitter.com/giMc5vbcjJ
— ANI (@ANI) December 18, 2025
राष्ट्रपति ने अपने संबोधन में एक नई योजना की घोषणा करते हुए इसे “वॉरियर डिविडेंड” नाम दिया। इस पहल के तहत सेना के लगभग 10 लाख जवानों को 1,776 डॉलर के चेक दिए जाएंगे। ट्रंप ने इसे सैन्य कर्मियों के सम्मान और योगदान की पहचान बताया।
हाल के दिनों में ट्रंप को महंगाई और जीवन-यापन की बढ़ती लागत को लेकर आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है, जिसमें उनकी अपनी पार्टी के कुछ नेताओं की चिंता भी शामिल है। आलोचकों का कहना है कि आम लोगों की आर्थिक परेशानियों को दूर करने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।
हालांकि ट्रंप इन आरोपों को खारिज करते रहे हैं। उनका कहना है कि महंगाई और affordability से जुड़ी चिंताएं डेमोक्रेटिक पार्टी की ओर से फैलाया गया “होअक्स” हैं। राष्ट्रपति ने दोहराया कि उनकी नीतियां लंबे समय में अमेरिकी अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाएंगी।
10 महीनों के भीतर आठ युद्धों का समाधान किया
अपने संबोधन में ट्रंप ने दावा किया कि बीते 10 महीनों के भीतर आठ युद्धों का समाधान किया गया। उन्होंने कहा कि ईरान से जुड़े परमाणु खतरे को खत्म किया गया और गाजा में जारी युद्ध को समाप्त कर मध्य पूर्व में ऐतिहासिक शांति स्थापित की गई। ट्रंप के अनुसार, इस प्रक्रिया ने क्षेत्र में हजारों वर्षों बाद स्थिरता का रास्ता खोला और जीवित व मृत—दोनों तरह के बंधकों की रिहाई को सुनिश्चित किया।
डोनाल्ड ट्रंप के संबोधन में बड़े ऐलान
-अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने राष्ट्र के नाम अपने हालिया संबोधन में कई बड़े ऐलान किए। उन्होंने कहा कि क्रिसमस से पहले 14,50,000 से अधिक सैन्य कर्मियों को ‘वॉरियर डिविडेंड’ दिया जाएगा, जो टैरिफ से जुटाए गए फंड से वितरित किया जाएगा।
-ट्रंप ने देश की आर्थिक स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि अधिकांश हिस्सों में पेट्रोल की कीमतें $1.99 प्रति गैलन तक पहुंच चुकी हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि उनकी सरकार ने अमेरिकी ताकत को बहाल किया, बीते 10 महीनों में 8 युद्ध समाप्त किए, ईरान के परमाणु खतरे को खत्म किया, और गाजा युद्ध को समाप्त कर क्षेत्र में शांति स्थापित की।
-राष्ट्रपति ने स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधार की योजना का भी ऐलान किया। उनका कहना है कि स्वास्थ्य देखभाल और दवा की कीमतें और कम की जाएंगी, ताकि आम अमेरिकी परिवारों पर वित्तीय बोझ कम हो।
-ट्रंप ने यह भी बताया कि वह अगले फेडरल रिजर्व चेयर का नाम जल्द घोषित करेंगे, और नए फेड चेयर के काफी कम ब्याज दरों का समर्थन करने की उम्मीद है।
-आर्थिक राहत की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा कि अगला वर्ष अब तक का सबसे बड़ा टैक्स रिफंड सीजन साबित होगा, जिससे अमेरिकी नागरिकों को बड़ी वित्तीय मदद मिलेगी।
