US Travel Ban: ट्रंप प्रशासन का कड़ा कदम... इन देशों की अमेरिका में अब No Entry, जानें इसके पीछे की बड़ी वजह

punjabkesari.in Wednesday, Dec 17, 2025 - 12:58 PM (IST)

इंटरनेशनल डेस्क : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने विदेशी नागरिकों की एंट्री को लेकर सख्त कदम उठाया है। ट्रंप प्रशासन ने ट्रैवल बैन की सूची में 5 नए देशों को जोड़ दिया है। इसके साथ ही अब 30 से ज्यादा ऐसे देश हो गए हैं, जिनके नागरिकों के लिए अमेरिका में प्रवेश करना मुश्किल हो गया है। इनमें कुछ देशों पर पूरी तरह रोक है, जबकि कुछ पर आंशिक प्रतिबंध और कड़े नियम लागू किए गए हैं।

यह फैसला अमेरिका में इमिग्रेशन को लेकर चल रही सख्ती का हिस्सा माना जा रहा है। हाल ही में थैंक्सगिविंग वीकेंड के दौरान नेशनल गार्ड के दो जवानों पर हमला हुआ था। इस हमले का आरोपी अफगान नागरिक बताया गया, जिसके बाद वीजा और इमिग्रेशन प्रक्रिया की सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ गईं। इसी के चलते सरकार ने विदेशी नागरिकों की एंट्री को लेकर और कड़े कदम उठाने का फैसला किया।

यह भी पढ़ें - भातीय डाॅक्टर ने बताया शरीर के इस हिस्से में लगातार दर्द का मतलब है लिवर कैंसर

सरकार ने क्यों लगाया ट्रैवल बैन?

व्हाइट हाउस की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि ट्रैवल बैन का उद्देश्य उन विदेशी नागरिकों की एंट्री रोकना है, जिनके बारे में अमेरिका के पास पर्याप्त सुरक्षा जानकारी उपलब्ध नहीं है। प्रशासन का कहना है कि जिन देशों को इस सूची में शामिल किया गया है, वहां भ्रष्टाचार, फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल और कमजोर आपराधिक रिकॉर्ड सिस्टम जैसी समस्याएं पाई गई हैं। इससे नागरिकों का सही बैकग्राउंड चेक करना मुश्किल हो जाता है।

इसके अलावा, कुछ देशों में वीजा ओवरस्टे की दर भी काफी ज्यादा है। ऐसे मामलों में जब अमेरिका इन नागरिकों को वापस भेजने की कोशिश करता है, तो संबंधित देश उन्हें वापस लेने से इनकार कर देते हैं। इन कारणों से अमेरिका की आंतरिक सुरक्षा को खतरा बढ़ता है।

इन देशों के नागरिकों की अमेरिका में नो-एंट्री

नई सूची के अनुसार, बुर्किना फासो, माली, नाइजर, दक्षिण सूडान और सीरिया के नागरिकों के अमेरिका आने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। इसके अलावा अफगानिस्तान, म्यांमार, चाड, कांगो गणराज्य, इक्वेटोरियल गिनी, इरीट्रिया, हैती, ईरान, लीबिया, सोमालिया, सूडान और यमन पहले से ही पूरी तरह प्रतिबंधित देशों की सूची में शामिल हैं।

इन देशों पर आंशिक प्रतिबंध जारी

बुरुंडी, क्यूबा, टोगो और वेनेजुएला के नागरिकों पर पहले से लागू आंशिक प्रतिबंध बरकरार रहेंगे। आंशिक प्रतिबंध का मतलब है कि इन देशों के नागरिकों को केवल कुछ खास वीजा श्रेणियों में ही अमेरिका में प्रवेश की अनुमति मिलेगी, जबकि सामान्य इमिग्रेशन पर कड़ी पाबंदियां बनी रहेंगी। इसके अलावा अंगोला, एंटीगुआ और बारबुडा, बेनिन, कोट डी’वोआर, डोमिनिका, गैबॉन, गाम्बिया, मलावी, मॉरिटानिया, नाइजीरिया, सेनेगल, तंजानिया, टोंगा, जाम्बिया और जिम्बाब्वे सहित 15 अन्य देशों पर भी आंशिक प्रतिबंध लागू किए गए हैं।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mehak

Related News