ओला एप्प से खरीदें One Plus X
punjabkesari.in Saturday, Dec 05, 2015 - 02:27 PM (IST)
नई दिल्लीः स्मार्टफोन बनाने वाली कंपनी वन प्लस ने अपने नए स्मार्टफोन वन प्लस एक्स को सीधे उपभोक्ताओं तक पहुंचाने के उद्देश्य से एप्प आधारित टैक्सी सेवायें देने वाली कंपनी ओला के साथ साझेदारी की है जिससे देश के सात शहरों के उपभोक्ता 08 दिसंबर को बगैर आमंत्रण के सीधे ओला एप्प से इस फोन को खरीद सकेंगे।
ओला ने यहां यह घोषणा करते हुए कहा कि इस साझेदारी से उपभोक्ताओं को सीधे ओला एप्प से ऑन-डिमाण्ड आधुनिक स्मार्टफोन वन प्लस एक्स खरीदने का मौका मिलेगा। देश के पहली वन प्लस एक्स स्मार्टफोन की चाहत रखने वाले बगैर आमंत्रण के इस फोन को खरीद सकेंगे और ऑर्डर करने के मात्र 15 मिनट के अंदर स्मार्टफोन उनके घर तक पहुंचा दिया जाएगा।
कंपनी ने कहा कि सात शहरों दिल्ली/एनसीआर, मुम्बई, पुणे, बेंगलूरु, हैदराबाद, कोलकाता और अहमदाबाद में ओला के उपयोगकर्ता 08 दिसम्बर को इस ऑफर का लाभ उठा सकते हैं। वन प्लस एक्स खरीदने की इच्छा रखने वाले उपभोक्ता इस दिन सुबह 10 बजे से शाम 07 बजे के बीच ओला एप्प से ठीक उसी तरह इस फोन के लिए रिक्वेस्ट कर सकते हैं जैसे वे अपने लिए कैब की बुकिंग करते हैं। इसके लिए उन्हें ओला एप्प के ‘वन प्लस एक्स’ कैटेगरी आइकॉन पर क्लिक करना होगा।
रिक्वेस्ट प्राप्त होने के बाद एक ओला कैब उपभोक्ता की लोकेशन तक पहुंचेगी; जिसमें वन प्लस का एक प्रतिनिधि अपने साथ स्मार्टफोन लेकर आएगा। उपभोक्ता वन प्लस एक्स की खरीद के लिए नकद (कैश ऑन डिलीवरी) या क्रेडिट/डेबिट कार्ड के माध्यम से भुगतान कर सकेंगे।
वन प्लस के भारत के विपणन प्रमुख करण सरीन ने कहा कि नए स्मार्टफोन वन प्लस एक्स को खरीदने को लेकर पूरे देश में लोगों में काफी उत्साह है। लोग उनकी कंपनी के उत्पादों को बहुत पसंद करते हैं और प्रशंसकों के लिए वन प्लस फोन खरीदने की प्रक्रिया को सुविधाजनक बनाकर उन्हें बेहतरीन अनुभव प्रदान करना चाहते हैं। ओला एवं एमकाोन के साथ इस पहली साझेदारी में हमने उपभोक्ताओं के लिए एक ऐसी पहल की है जिसके द्वारा सीधे ओला ऐप से वन प्लस एक्स खरीद सकते हैं।
