Netflix यूजर्स के लिए अलर्ट! इस नए स्कैम से मिनटों में खाली हो सकता है आपका बैंक अकाउंट

punjabkesari.in Wednesday, Apr 08, 2026 - 10:27 AM (IST)

नेशनल डेस्क: अगर आप Netflix का इस्तेमाल करते हैं, तो इस समय सतर्क रहना बेहद जरूरी हो गया है। इन दिनों साइबर ठग एक नए ऑनलाइन स्कैम के जरिए लोगों को निशाना बना रहे हैं, जिसमें Netflix के नाम का गलत इस्तेमाल किया जा रहा है। खास बात यह है कि ये फर्जी मैसेज इतने असली लगते हैं कि कोई भी आसानी से इनके जाल में फंस सकता है।

क्या है पूरा मामला?
दरअसल, इस नए फ्रॉड में यूजर्स को SMS या ईमेल के जरिए एक मैसेज भेजा जाता है। इसमें दावा किया जाता है कि आपका Netflix पेमेंट फेल हो गया है या आपका अकाउंट बंद होने वाला है। यूजर को डराने के लिए तुरंत कार्रवाई करने को कहा जाता है और एक लिंक भी दिया जाता है, जिस पर क्लिक करने के लिए दबाव बनाया जाता है।


लिंक पर क्लिक करते ही क्या होता है?
जैसे ही कोई यूजर उस लिंक पर क्लिक करता है, वह एक नकली वेबसाइट पर पहुंच जाता है। यह वेबसाइट बिल्कुल असली Netflix प्लेटफॉर्म जैसी दिखती है, जिससे लोगों को शक नहीं होता। यहां यूजर से बैंक डिटेल, डेबिट या क्रेडिट कार्ड नंबर और OTP जैसी संवेदनशील जानकारी मांगी जाती है। जैसे ही ये जानकारी भरी जाती है, साइबर अपराधी बैंक खाते से पैसे निकाल सकते हैं।


फर्जी मैसेज की पहचान कैसे करें?
ऐसे मैसेज को पहचानना जरूरी है। अगर किसी मैसेज में जल्दबाजी में पेमेंट अपडेट करने का दबाव बनाया जा रहा हो या “Account Suspended” जैसे डराने वाले शब्द इस्तेमाल किए गए हों, तो सतर्क हो जाएं। इसके अलावा “Dear User” जैसे सामान्य संबोधन या संदिग्ध लिंक भी फर्जी होने का संकेत हो सकते हैं।


मैसेज मिलने पर क्या करें?
अगर आपको इस तरह का कोई मैसेज मिलता है, तो उस पर भरोसा न करें और दिए गए लिंक पर बिल्कुल क्लिक न करें। अपने अकाउंट की जानकारी चेक करने के लिए हमेशा Netflix की आधिकारिक वेबसाइट या ऐप का ही इस्तेमाल करें।


अपनी जानकारी कैसे सुरक्षित रखें?
अपनी निजी जानकारी को सुरक्षित रखना बेहद जरूरी है। कभी भी बैंकिंग या कार्ड डिटेल किसी अनजान वेबसाइट पर साझा न करें। यह भी ध्यान रखें कि कोई भी असली कंपनी SMS या ईमेल के जरिए संवेदनशील जानकारी नहीं मांगती। साथ ही, मजबूत पासवर्ड का इस्तेमाल करना चाहिए।


गलती होने पर तुरंत क्या करें?
अगर आपने गलती से लिंक पर क्लिक कर दिया है, तो घबराएं नहीं लेकिन तुरंत कार्रवाई करें। सबसे पहले अपने Netflix अकाउंट और बैंकिंग ऐप्स के पासवर्ड बदल दें। अगर आपने कार्ड या बैंक डिटेल दर्ज कर दी है, तो तुरंत अपने बैंक से संपर्क करें और कार्ड को ब्लॉक करवा दें। सही समय पर उठाया गया कदम आपको बड़े नुकसान से बचा सकता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mansa Devi

Related News