सबरीमला विवाद: हिंदू महिला नेता की गिरफ्तारी के बाद बढ़ा बवाल, केरल बंद

punjabkesari.in Saturday, Nov 17, 2018 - 10:41 AM (IST)

कोच्चि: भगवान अयप्पा स्वामी के दर्शन के लिए सबरीमला जा रही संघ परिवार की वरिष्ठ नेता की गिरफ्तारी के विरोध में दक्षिणपंथी हिंदू संगठनों ने शनिवार को केरल में सुबह से शाम तक हड़ताल बुलाई। विश्व हिंदू परिषद के अध्यक्ष एस. जे. आर. कुमार ने आरोप लगाया कि हिंदू एक्यावेदी प्रदेश अध्यक्ष के. पी. शशिकला को पुलिस ने सबरीमला के निकट माराकोट्टाम से शुक्रवार देर रात करीब ढाई बजे गिरफ्तार किया।
 
   PunjabKesari

कुमार ने बताया कि वह भगवान की पूजा करने के लिए पूजन सामग्री लेकर पहाड़ी पर चढ़ रही थीं, उसी दौरान उन्हें गिरफ्तार किया गया। कुछ अन्य कार्यकर्ताओं को भी एहतियातन हिरासत में लिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि केरल सरकार सबरीमला मंदिर को नष्ट करना चाहती है। विहिप नेता ने कहा कि हड़ताल के दौरान जरूरी सुविधाओं और अयप्पा श्रद्धालुओं के वाहनों को नहीं रोका जाएगा। उच्चतम न्यायालय द्वारा अयप्पा स्वामी मंदिर में सभी आयु वर्ग की महिलाओं को प्रवेश की अनुमति दिए जाने के बाद मंदिर तीसरी बार खुला है। 

PunjabKesari

शनिवार से शुरू हो रही दो महीने लंबी तीर्थ यात्रा के लिए मंदिर शुक्रवार को खुला। यहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। 41 दिनों तक चलने वाला मंडलम उत्सव मंडला पूजा के बाद 27 दिसंबर को संपन्न होगा, जब मंदिर को ‘अथाझापूजा’ के बाद शाम को बंद कर दिया जाएगा। यह 30 दिसंबर को मकराविलक्कू उत्सव पर फिर से खुलेगा। मकराविलक्कू उत्सव 14 जनवरी को मनाया जाएगा, जिसके बाद मंदिर 20 जनवरी को बंद हो जाएगा।

    PunjabKesari


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Anil dev

Recommended News

Related News