MP के मुरैना में भीषण सड़क हादसा, एक ही परिवार के 12 लोगों समेत 15 की मौत

6/21/2018 4:06:59 PM

मुरैना (मध्य प्रदेश): मुरैना जिले के गंजरामपुर गांव के मोड़ पर ट्रैक्टर-ट्रॉली ने आज सुबह सवारियों से खचाखच भरी जीप को टक्कर मार दी, जिससे जीप में सवार एक ही परिवार की सात महिलाओं सहित 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गम्भीर रूप से घायल हो गए।  

मुरैना के पुलिस अधीक्षक अमित सांघी ने बताया कि रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली की भिड़ंत सवारियों से भरी जीप से आज सुबह करीब 6 बजे स्टेशन रोड थाने के गंजरामपुर गांव के मोड़ पर हो गई। इस जीप में एक ही परिवार के 20 लोग थे।  उन्होंने बताया कि इस हादसे में जीप में सवार 15 लोगों की मौत हो गई, जिनमें से 12 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीन अन्य लोगों की अस्पताल में इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। मृतकों में सात महिलाएं हैं और आठ पुरूष हैं। 

पुलिस अधीक्षक सांघी ने कहा कि इस हादसे में जीप में सवार पांच अन्य लोग गम्भीर रुप से घायल भी हुए हैं, जिन्हें मुरैना के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी मृतक व घायल ग्वालियर के उटीला थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं, जो अपने किसी रिश्तेदार के कल निधन होने पर गमी में शामिल होने घुरघान गांव जा रहे थे।  सांघी ने कहा कि हादसे के वक्त ट्रैक्टर-ट्रॉली चम्बल घडिय़ाल सेंचुरी के प्रतिबंधित क्षेत्र से अवैध रेत ले जा रही थी। हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक वाहन को मौके पर ही छोड़कर भाग गया। उसमें चम्बल नदी का प्रतिबन्धित रेत भरा हुआ है।  

अमित सांघी ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर चालक के विरुद्ध आपराधिक मामला दर्ज कर लिया गया है। अवैध उत्खनन की कार्यवाही वन विभाग पृथक से करेगा।  

मृतकों की पहचान 

  • प्रेमा माहौर (50), 
  • वीना माहौर (30), 
  • पारो बाई (45), 
  • भूरी माहौर (50), 
  • गीता बाई माहौर (30), 
  • कुंतो बाई माहौर (70), 
  • रामबेटी माहौर (30), 
  • विजय सिंह माहौर (60), 
  • रणछोर माहौर (30), 
  • बल्लू माहौर (35), 
  • रामनिवास माहौर (25), 
  • राजबीर माहौर (25), 
  • अंतर सिंह माहौर (50), 
  • कैलाश माहौर (50), 
  • उत्तम माहौर (56)

सबसे ज्यादा पढ़े गए

kamal

Recommended News

Related News