पाक मौलवी ने पूछा- कौन भारत से जंग लड़ेगा? एक भी हाथ नहीं उठा, देखें वीडियो

punjabkesari.in Tuesday, May 06, 2025 - 01:46 PM (IST)

इंटरनेशलन डेस्क: इस्लामाबाद की चर्चित लाल मस्जिद एक बार फिर सुर्खियों में है। यहां के विवादित मौलवी मौलाना अब्दुल अज़ीज गाज़ी ने जब अपने अनुयायियों से पूछा कि अगर पाकिस्तान की भारत से जंग हो जाए तो आप क्या उसका साथ देंगे, तो पूरा माहौल सन्नाटे में डूब गया। न किसी ने समर्थन में हाथ उठाया और न कोई जवाब दिया। यह चौंकाने वाला घटनाक्रम एक ऐसे समय सामने आया है जब भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव चरम पर है।
 

لال مسجد کے مولانا عبدالعزیز غازی کا خطاب سنئیے جس میں وہ کہتے ہیں کہ پاکستان کی لڑائی قومیت کی لڑائی ہے اسلام کی نہیں اور پاکستان میں بھارت سے زیادہ ظلم ہے وغیرہ وغیرہ۔ ریاست کے وہ کارندے غور سے سُنیں جو ان حضرات کی سرپرستی کرتے ہیں اور سیکولر پاکستانیوں کو خطرہ سمجھتے ہیں۔ pic.twitter.com/l9Or4OJWHl

— Husain Haqqani (@husainhaqqani) May 4, 2025

सवाल हुआ, जवाब में खामोशी

2 मई को लाल मस्जिद और उससे जुड़ी महिला मदरसा जामिया हफ़्सा में छात्रों को संबोधित करते हुए गाजी ने कहा, “अगर पाकिस्तान भारत से लड़ता है तो आप में से कितने लोग पाकिस्तान के लिए लड़ेंगे?” सवाल गंभीर था, लेकिन जवाब में सिर्फ खामोशी मिली। एक भी हाथ नहीं उठा। मौलवी गाज़ी ने खुद ही इसका विश्लेषण करते हुए कहा, “इसका मतलब है कि अब लोगों में समझ है।” मौलवी अब्दुल अज़ीज ने सिर्फ इतना ही नहीं कहा, बल्कि पाकिस्तानी सरकार और सैन्य तंत्र पर भी जमकर हमला बोला। उन्होंने देश की व्यवस्था को "क्रूर और बेकार" बताते हुए कहा कि यह व्यवस्था अब भारत से भी बदतर हो चुकी है। उन्होंने बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा में सेना द्वारा की गई कार्रवाइयों का हवाला देते हुए कहा, “जब लोग तैयार थे, तब राज्य ने अपने ही लोगों पर बम बरसाए। ये सब अत्याचार हैं।”

आतंकी हमले के बाद बढ़ा तनाव

यह पूरी घटना ऐसे वक्त पर सामने आई है जब 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 निर्दोष लोगों की मौत हुई। इसके बाद भारत और पाकिस्तान के रिश्तों में फिर तनाव बढ़ गया है। भारत की ओर से कड़े कदम उठाए जा रहे हैं और पाकिस्तान की स्थिति अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अस्थिर होती दिख रही है।

वीडियो वायरल, सोशल मीडिया पर आक्रोश

इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है और पाकिस्तान के अंदर ही इस पर बहस छिड़ गई है। मौलवी गाज़ी का सवाल और लोगों की खामोशी पाकिस्तानी समाज में एक बड़े बदलाव की तरफ इशारा कर रही है। कभी जो लाल मस्जिद कट्टरपंथ का गढ़ मानी जाती थी, अब वहीं भारत के खिलाफ जंग जैसे मुद्दे पर चुप्पी एक बड़े बदलाव का संकेत है।

भारत को लेकर नजरिया बदल रहा है?

विशेषज्ञों का मानना है कि ये सिर्फ एक वाकया नहीं, बल्कि पाकिस्तान में भारत को लेकर बन रहे नए दृष्टिकोण की झलक है। अब वहां के लोग सरकार और सेना के उस कट्टर सोच से थक चुके हैं जो हमेशा भारत को दुश्मन बताती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ashutosh Chaubey

Related News