भाजपा नेता युमनाम खेमचंद सिंह ने ली मणिपुर के मुख्यमंत्री पद की शपथ, उपमुख्यमंत्री बने नेमचा किपगेन और लोसी डिखो
punjabkesari.in Wednesday, Feb 04, 2026 - 06:50 PM (IST)
नेशनल डेस्क : मणिपुर में नई सरकार का गठन हो गया है। युमनाम खेमचंद सिंह ने बीजेपी विधायक दल के नेता चुने जाने के बाद राज्यपाल अजय कुमार भल्ला से मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इसी के साथ, मचा किपगेन और लोसी डिखो ने उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण की। लोसी डिखो नागा पीपल्स फ्रंट (NPF) के विधायक हैं।
मणिपुर में राष्ट्रपति शासन और पिछली घटनाएं
पिछले साल मणिपुर में जातीय हिंसा के बीच तत्कालीन मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने इस्तीफा दे दिया था। 9 फरवरी को इस्तीफे के चार दिन बाद, यानी 13 फरवरी से राज्य में राष्ट्रपति शासन लागू किया गया था। हिंसा मुख्य रूप से गैर-आदिवासी मैतेई और आदिवासी कुकी समुदायों के बीच हुई थी।
3 मई, 2023 को मैतेई समुदाय को अनुसूचित जनजाति का दर्जा देने की मांग के विरोध में आयोजित 'आदिवासी एकजुटता मार्च' के दौरान हिंसा भड़क उठी थी। इस हिंसा में 260 से अधिक लोग मारे गए, लगभग 1,500 लोग घायल हुए और 70,000 से अधिक लोग विस्थापित हुए।
#WATCH | Imphal: BJP Manipur Legislature Party leader Yumnam Khemchand Singh takes oath as the Chief Minister of Manipur
— ANI (@ANI) February 4, 2026
Governor of Manipur Ajay Bhalla administers the oath at the Lok Bhavan. pic.twitter.com/Ri1Et4J0Oa
बीजेपी ने जताई नई सरकार पर भरोसा
बीजेपी ने कहा कि युमनाम खेमचंद सिंह के अनुभवी और दूरदर्शी नेतृत्व में मणिपुर अब शांति, विकास और सुशासन की ओर बढ़ेगा। पार्टी ने उम्मीद जताई कि नई सरकार राज्य के लिए स्थिरता और प्रगति के एक नए युग की शुरुआत करेगी।
सरकार गठन के लिए हुई रणनीति बैठकें
बीजेपी के केंद्रीय नेतृत्व ने पिछले कई महीनों में अपने मैतेई और कुकी समुदाय के विधायकों, सहयोगी एनपीएफ और एनपीपी और कुछ निर्दलीय विधायकों के साथ कई दौर की बैठकें कीं। इन बैठकों का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि राजनीतिक परिस्थितियां सरकार गठन के लिए अनुकूल हैं या नहीं।
