सरकार गिराने के संबंध में बोले येदियुरप्पा, कांग्रेस-जेडीएस के दावों में सच्चाई नहीं

punjabkesari.in Monday, Jan 14, 2019 - 08:51 PM (IST)

बेंगलुरूः कर्नाटक में गठबंधन सरकार को गिराने के लिए भाजपा के प्रयासों के बारे में खबरों को बकवास करार देते हुए भाजपा प्रदेश प्रमुख बी. एस. येदियुरप्पा ने सोमवार को कहा कि इसमें कोई सच्चाई नहीं है और आरोप लगाया कि कांग्रेस-जदएस गठबंधन विपक्षी विधायकों को प्रलोभन देने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि लोकसभा चुनावों की रणनीति पर चर्चा करने के लिए भाजपा विधायक नयी दिल्ली में डेरा जमाए हुए हैं और पार्टी किसी भी तरह ‘रिजार्ट राजनीति’ में संलिप्त नहीं हैं।

गठबंधन दे रहा भाजपा विधायकों को प्रलोभन
येदियुरप्पा ने कहा, ‘‘बहुमत के बावजूद कांग्रेस-जदएस गठबंधन हमारे विधायकों को प्रलोभन देने की कोशिश कर रहा है और खरीद-फरोख्त में संलिप्त है, भाजपा यह नहीं कर रही है।’’ येदियुरप्पा ने कहा कि 104 विधायकों के साथ हम विपक्ष के तौर पर शांतिपूर्वक काम करने को तैयार हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस-जदएस गठबंधन भ्रम की स्थिति पैदा करने की कोशिश कर रहा है। सत्तारूढ़ गठबंधन को विकास कार्यों पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। भाजपा ‘‘कर्मठ’’ विपक्ष की तरह कामकाज करने को तैयार है।

कुमारस्वमी ने जताया अंदेशा
भाजपा नेता ने कहा, ‘‘वे धन और मंत्री पद के जरिए हमारे लोगों को प्रलोभन देने की कोशिश कर रहे हैं। हमने कांग्रेस-जदएस के किसी भी विधायकों के लिए ऐसा नहीं किया है। कुमारस्वामी ऐसा कर रहे हैं।’’ अटकलें हैं कि कांग्रेस के छह से आठ विधायक भाजपा खेमे में जा सकते हैं । ऐसी भी खबरें हैं कि उनमें से कुछ संपर्क से बाहर हैं। येदियुरप्पा ने कहा कि लोकसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर विधायकों के साथ पिछले दो दिनों में दिल्ली में चर्चा हुई।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Yaspal

Recommended News

Related News