किसी भी बेटी को न मिले ऐसा ससुराल... दहेज से तंग आकर महिला ने छत से कूदकर जान दी, पति-ससुर गिरफ्तार

punjabkesari.in Monday, May 18, 2026 - 01:35 PM (IST)

नेशनल डेस्क:  उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर जिले में दहेज को लेकर ससुराल वालों के उत्पीड़न से तंग आकर एक 24 वर्षीय महिला ने कथित तौर पर अपने घर की छत से कूदकर जान दे दी। पुलिस उपायुक्त शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि इकोटेक-3 पुलिस स्टेशन में दीपिका की मौत के संबंध में एक शिकायत मिली थी। दीपिका की शादी करीब डेढ़ साल पहले जलपुरा गांव के रहने वाले ऋतिक से हुई थी। अधिकारी ने बताया, "रविवार रात को दीपिका ने छत से कूदकर जान दे दी। आरोप है कि दहेज उत्पीड़न के कारण वह इतनी हताश हो गई थी कि उसने यह कदम उठाया।"

मृतक महिला के पिता द्वारा दर्ज कराई गई लिखित शिकायत के आधार पर कानून की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि महिला के पति ऋतिक और ससुर मनोज को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। यह घटना ग्रेटर नोएडा में अगस्त 2025 में हुई एक अन्य कथित दहेज हत्या के कुछ महीनों बाद सामने आई है। उस घटना में निक्की भाटी नाम की एक महिला को उसके पति और ससुराल वालों ने 36 लाख रुपये की मांग को लेकर कथित तौर पर आग लगा दी थी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anu Malhotra

Related News