पिता ने 6 साल के बेटे की कर दी हत्या, फिर फंदा लगाकर की खुदकुशी, जानें वजह

punjabkesari.in Monday, May 11, 2026 - 11:42 PM (IST)

नेशनल डेस्क : हरियाणा में फरीदाबाद जिले के दयालपुर गांव में एक व्यक्ति ने अपने छह वर्षीय बेटे की गला घोंटकर हत्या करने के बाद बच्चे के शव को अपने सीने से बांधकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान सागर (32) और उसके छह वर्षीय बेटे लक्षित के रूप में हुई है। दोनों दयालपुर गांव के निवासी थे।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सागर जुआ खेलने और शराब की लत के कारण आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। पुलिस ने बताया कि सागर की पत्नी अपने छह वर्षीय बेटे और ससुराल पक्ष के लोगों के साथ पास के मछ्हागर गांव में रहने चली गई थी, जिसके बाद वह अकेला रह रहा था। सागर रविवार को अपने बेटे को मछ्हागर गांव से दयालपुर ले आया था। इसी रात सागर ने बेटे की कथित रूप से गला घोंटकर हत्या कर दी और फिर घर में पंखे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसने बेटे के शव को अपने सीने से बांध रखा था। एक पड़ोसी ने घर पहुंचकर यह घटना देखी और पुलिस को सूचना दी।

पड़ोसी ने बताया, ''रविवार दोपहर सागर अपने बेटे लक्षित को गांव लेकर आया था। घर के अंदर बच्चे के खेलने और कूदने की आवाजें आ रही थीं, लेकिन बाद में आवाजें बंद हो गईं।'' सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला आर्थिक तंगी और अकेलेपन से जुड़ा प्रतीत होता है, हालांकि विस्तृत जांच जारी है। पुलिस ने बताया कि परिजनों को सूचित कर दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News