ग्रेटर नोएडा में दहेज हत्या मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार

punjabkesari.in Wednesday, May 20, 2026 - 04:42 PM (IST)

नेशनल डेस्क। ग्रेटर नोएडा पुलिस ने दहेज के लिए विवाहिता की कथित हत्या के मामले में फरार एक अन्य आरोपी को आज गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के एक प्रवक्ता ने यह जानकारी दी। उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले के जलपुरा गांव में रविवार रात दीपिका (24) की अपने ससुराल के तीन मंजिला मकान की छत से गिरने के बाद मौत हो गई थी। 

उसके परिजनों का आरोप है कि ससुराल वालों ने दहेज की मांग को लेकर उसकी हत्या की और यह न तो आत्महत्या थी और न ही हादसा। पुलिस इस मामले में दीपिका के पति हृतिक (26) और ससुर मनोज को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। दहेज हत्या से संबंधित धाराओं में दर्ज प्राथमिकी में नामजद अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। 

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि मामले में फरार एक अन्य आरोपी विनोद को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे अदालत में पेश किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि विनोद, दीपिका का चाचा ससुर है। इससे एक दिन पहले मंगलवार को दीपिका की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मस्तिष्क में रक्तस्राव, आंतरिक अंगों का फटना समेत गंभीर चोटों का पता चला। महिला के 'विसरा' के नमूने फॉरेंसिक विश्लेषण के लिए सुरक्षित रखे गए हैं। 

यह भी पढ़ें: राजस्थान में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 17 IPS अधिकारियों के तबादले, कोटा को मिला नया IG

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, दीपिका के बाएं नथुने और मुंह से खून बह रहा था। रिपोर्ट में कहा गया है कि मस्तिष्क के बीच में और बाईं ओर हेमाटोमा (बड़ी रक्त वाहिकाओं से रक्त रिसाव) हुआ। रिपोर्ट में कहा गया कि लीवर, तिल्ली और दाहिना गुर्दा फट गया था। साथ ही, बांह और जांघ पर चोट के निशान के बारे में भी जानकारी दी गई है। किसी भी विषैले पदार्थ की उपस्थिति का पता लगाने के लिए 'विसरा' सुरक्षित रखा गया है। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Rohini Oberoi

Related News