दिल्ली के विकासपुरी दशहरा मेले में बड़ा हादसा, झूले से गिरकर महिला की मौत; मालिक समेत 2 गिरफ्तार

punjabkesari.in Thursday, Oct 22, 2026 - 11:27 PM (IST)

नेशनल डेस्क : पश्चिमी दिल्ली के विकासपुरी में दशहरा मेले के दौरान झूले का गेट टूटने के कारण नीचे गिरने से एक महिला की मौत के मामले में झूले के मालिक समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। एक पुलिस अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बहादुरगढ़ निवासी मंदीप और रोहिणी के सेक्टर-3 निवासी रमेश राठी के रूप में हुई है। मंदीप 'मिक्सर राइड' का मालिक और संचालक है, जबकि रमेश राठी पूरे मेले का सुपरवाइजर था। यह घटना सोमवार देर रात करीब 1:36 बजे विकासपुरी के एफ ब्लॉक स्थित दशहरा मैदान में हुई, जब 'मिक्सर राइड' का गेट टूट गया, जिससे गुड़िया और रवि नामक दो लोग नीचे गिर गए और घायल हो गए। उत्तम नगर की रहने वाली गुड़िया की बुधवार को एक अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि उत्तम नगर के ही रहने वाले 33 वर्षीय रवि का इलाज किया जा रहा है। उसने बताया कि घायलों को शुरुआत में माता चनन देवी अस्पताल ले जाया गया था और बाद में उन्हें इलाज के लिए राम मनोहर लोहिया अस्पताल स्थानांतरित कर दिया गया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News