बेंगलुरु के 5-स्टार होटल में बड़ा हादसा: स्विमिंग पूल में करंट उतरने से 2 विदेशी नागरिकों की मौत, मचा हड़कंप
punjabkesari.in Saturday, Oct 31, 2026 - 12:31 PM (IST)
बेंगलुरु: बेंगलुरु के एक फाइव-स्टार होटल में ठहरे दो विदेशी नागरिकों की मौत हो गई है। इनमें से एक जर्मन एयरलाइन का क्रू मेंबर है। बताया जा रहा है कि होटल के पूल में तैरते समय उन्हें करंट लग गया, जिससे उनकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान लुफ्थांसा एयरलाइन के क्रू मेंबर अलेक्जेंडर मैक्सिमिलियन थीस (57)- जो जर्मन नागरिक थे और IBM के प्रोजेक्ट मैनेजर जुराज होर्वात (45) के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि यह घटना शुक्रवार शाम को हलासुरू स्थित होटल की तीसरी मंजिल पर बने स्विमिंग पूल में हुई।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि पीड़ितों को बचाने की कोशिश में दो अन्य लोग भी घायल हो गए। इनमें अमेरिका के रहने वाले मैथ्यू डेसेंटिस (41) शामिल हैं, जो होटल में मेहमान थे। दूसरे घायल व्यक्ति की पहचान राहुल तिवारी (28) के रूप में हुई है, जो वहां पूल अटेंडेंट के तौर पर काम करते हैं। दोनों घायलों को मणिपाल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। अधिकारी ने बताया कि वे खतरे से बाहर हैं। उन्होंने आगे कहा कि इस मामले में केस दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।
