कश्मीर घाटी में फिर बढ़ी ठंड
punjabkesari.in Monday, Jan 01, 2018 - 01:36 PM (IST)

श्रीनगर : कश्मीर में एक दिन ठंड से थोड़ी राहत के बाद कल रात फिर न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई और घाटी एवं लद्दाख में तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान विभाग के एक अधिकारी ने यहां बताया कि लद्दाख क्षेत्र समेत पूरे कश्मीर मंडल में रात का तापमान फिर गिर गया और सभी केंद्रों पर यह शून्य से नीचे रहा। इससे पहले की रात पूरे मंडल में तापमान में बढ़ोतरी हुई थी और घाटी में कई स्थानों पर यह शून्य से ऊपर रहा था। ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में कल रात न्यूनतम तापमान शून्य से 2.7 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया जबकि इससे पहले की रात में तापमान 0.7 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया था।
उन्होंने बताया कि दक्षिण कश्मीर के काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से 1.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। इससे पहली रात में तापमान शून्य से 0.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया था। अधिकारी ने बताया कि कोकेरनाग में न्यूनतम तापमान शून्य से 1.1 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि उत्तर कश्मीर के कुपवाड़ा में कल रात न्यूनतम तापमान शून्य से 2.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। गुलमर्ग में तापमान शून्य से चार डिग्री सेल्सियस नीचे, पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 2.5 डिग्री सेल्सियस नीचे और करगिल में शून्य से 9.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। कश्मीर में करगिल सबसे ठंडा स्थान रहा।
अधिकारी ने बताया कि निकटवर्ती लेह में न्यूनतम तापमान शून्य से 7.1 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। कश्मीर में 40 दिन का चिल्लई कलां चल रहा है जिसमें भीषण सर्दी पड़ती है। इस दौरान बर्फबारी की संभावना बढ़ जाती है और तापमान में भी काफी गिरावट होती है। यह 31 जनवरी को खत्म होता है। बहरहाल, इसके बाद भी घाटी में सर्दी बनी रहती है। मौसम विज्ञान विभाग के अधिकारी ने आगामी दिनों में कश्मीर में मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई है।