पत्नी प्रेमी के साथ फरार, पति काट रहा उसकी हत्या के आरोप में सजा

punjabkesari.in Wednesday, May 10, 2017 - 01:02 PM (IST)

भोपाल: जबलपुर में एक युवती ने फिल्मी कहानी को सच साबित कर दिया। 2 साल से जिस पत्नी की हत्या के आरोप में पति बिहार की जेल में सजा काट रहा था, वह अपने प्रेमी के साथ मिली। केंट टीआई मंजीत सिंह ने बताया कि जबलपुर के बिलहरी गोपालपुर निवासी रिंकी शर्मा का विवाह फरवरी 2015 में जगन्नाथपुर गुरका थाना सरैया मुजफ्फरपुर निवासी मनोज शर्मा के साथ हुआ था।

शादी के 2 महीने बाद भाग गई थी प्रेमी के साथ 
शादी के 2 महीने बाद रिंकी अपने प्रेमी के साथ मुजफ्फरपुर से जबलपुर भाग आई। इसके बाद युवती के माता-पिता ने एक अज्ञात लाश को अपनी बेटी बताते हुए आरोप लगाया कि उसके दामाद और उनके परिजनों ने दहेज के लिए उनकी बेटी की हत्या कर दी। इसके आधार पर सरैया पुलिस ने मनोज को गिरफ्तार कर लिया। मनोज की मां ललिता ने बहू रिंकी की तलाश शुरू कर दी। उन्हे पता चला था कि रिंकी अपने प्रेमी के साथ जबलपुर के केंट थाना के बिलहरी क्षेत्र में रह रही है। ललिता ने फौरन इसकी जानकारी बिहार के सरैया थाने में दी, जहां से एएसआई शत्रुघन शर्मा एक टीम लेकर ललिता के साथ जबलपुर पहुंचे। 

शादी से पहले ही चल रहा था प्रेम प्रसंग
पूछताछ में रिंकी ने केंट थाना प्रभारी को बताया कि शादी के पहले से मयूर के साथ उसका प्रेम प्रसंग चल रहा था। परिजनों के कहने पर उसने मनोज से शादी कर ली लेकिन वह मयूर को भूल नहीं पा रही थी। एक दिन मौका पा कर वह प्रेमी के साथ भाग निकली और दोनों जबलपुर आकर रहने लगे। पुलिस का कहना है कि रिंकी शर्मा को मुजफ्फरपुर की कोर्ट में पेश कर बताया जाएगा कि वह जिन्दा है। इसके आधार पर मनोज शर्मा के खिलाफ चल रहा दहेज हत्या के केस को खत्म किया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News