बाइक और स्कूटर पर क्यों नहीं वसूला जाता टोल टैक्स? जानिए इसके पीछे की चौंकाने वाली वजह
punjabkesari.in Tuesday, Nov 04, 2025 - 05:40 PM (IST)
नेशनल डेस्क : क्या आपने कभी गौर किया है कि जब कार, बस या ट्रक टोल प्लाजा पर लंबी लाइन में खड़े रहते हैं, तो बाइक और स्कूटर को बिना रुके आगे बढ़ने दिया जाता है? इसके पीछे सिर्फ सुविधा नहीं, बल्कि कानूनी कारण है। दरअसल, भारत में दोपहिया वाहनों को टोल टैक्स से पूरी तरह छूट दी गई है।
क्या कहता है कानून?
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग शुल्क नियम 2008 के नियम 4(4) के तहत दोपहिया और तिपहिया वाहनों को राष्ट्रीय राजमार्गों पर टोल देने से छूट मिली हुई है। यानी, बाइक और स्कूटर के मालिकों को किसी भी टोल प्लाजा पर भुगतान नहीं करना पड़ता।
यह भी पढ़ें - ₹12 हजार सोना और ₹20 हजार चांदी हुई सस्ती... शादी के सीजन में औंंधे मुंह गिरे दाम, क्या अब खरीदना फायदेमंद?
क्यों नहीं वसूला जाता टोल?
टोल टैक्स सड़कों के निर्माण, मरम्मत और रखरखाव के खर्च को पूरा करने के लिए लिया जाता है। लेकिन बाइक और स्कूटर जैसे हल्के वाहन सड़क पर बहुत कम दबाव डालते हैं और इनसे सड़क को नुकसान भी बेहद कम होता है। इसलिए सरकार इन पर टोल लगाना जरूरी नहीं मानती।
आम जनता की सुविधा के लिए राहत
भारत में दोपहिया वाहन ज्यादातर मध्यम और निम्न आय वर्ग के लोगों के पास होते हैं। अगर इनसे भी टोल वसूला जाने लगे, तो यह लाखों दैनिक यात्रियों पर अतिरिक्त बोझ डाल देगा।
ट्रैफिक और प्रशासनिक कारण
अगर हर बाइक चालक को टोल बूथ पर रुकना पड़े, तो ट्रैफिक में भारी जाम लग सकता है। साथ ही, इतनी बड़ी संख्या में बाइकों से छोटी टोल राशि वसूलने में लगने वाला खर्च राजस्व से ज्यादा होगा।
यह भी पढ़ें - बड़ी खबर: कनाडा की नई पॉलिसी ने तोड़े युवाओं के सपने, भारतीय छात्रों को दिया बड़ा झटका
पहले से चुकाया जाता है टैक्स
बाइक या स्कूटर की रजिस्ट्रेशन के समय रोड टैक्स पहले ही लिया जाता है, जो सार्वजनिक सड़कों और राजमार्गों के उपयोग की लागत को कवर करता है। इस वजह से आगे जाकर टोल टैक्स की कोई आवश्यकता नहीं रहती। इसलिए, जब अगली बार आप बाइक पर टोल प्लाजा से बिना रुके निकलें तो समझिए, ये सिर्फ सुविधा नहीं, बल्कि कानून द्वारा दी गई छूट है।
