Cervical Cancer Alert: कम उम्र की महिलाओं में क्यों बढ़ रहा सर्वाइकल कैंसर, जानें क्या हैं इसके मुख्य कारण

punjabkesari.in Friday, Sep 12, 2025 - 02:57 PM (IST)

नेशनल डेस्क: दुनियाभर में कैंसर एक गंभीर समस्या बन चुका है, और इसमें महिलाएं भी बड़ी संख्या में प्रभावित हो रही हैं। महिलाओं में सबसे आम कैंसर में से एक है सर्वाइकल कैंसर। पहले यह बीमारी आमतौर पर अधिक उम्र की महिलाओं में पाई जाती थी, लेकिन अब कम उम्र की लड़कियां और महिलाएं भी इसकी चपेट में आ रही हैं। जानते हैं इसके पीछे क्या कारण हैं और इससे कैसे बचा जा सकता है।

क्या है सर्वाइकल कैंसर?
सफदरजंग अस्पताल की पूर्व डॉक्टर सलोनी चड्ढा के अनुसार, सर्वाइकल कैंसर गर्भाशय के निचले हिस्से (सर्विक्स) की कोशिकाओं में होता है। सर्विक्स गर्भाशय को योनि से जोड़ता है। जब ये कोशिकाएं अनियंत्रित रूप से बढ़ने लगती हैं, तो कैंसर का रूप ले लेती हैं। 2020 में एक अध्ययन के मुताबिक, 6,04,000 महिलाएं इस कैंसर से पीड़ित पाई गई थीं, जिनमें से 3,42,000 की मौत हो गई।

कम उम्र में मामले बढ़ने के कारण
जागरूकता और जांच की कमी: कैंसर से पहले होने वाले बदलावों का पता लगाने के लिए पैप स्मीयर टेस्ट होता है। हालांकि, जागरूकता और मेडिकल सुविधाओं की कमी के कारण बहुत कम महिलाएं यह टेस्ट कराती हैं, जिससे बीमारी का पता देर से चलता है।

HPV वायरस का बढ़ता खतरा: ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (HPV) एक यौन संचारित वायरस है। यदि यह वायरस लंबे समय तक शरीर में रहता है और आपका इम्यून सिस्टम कमजोर है, तो यह गर्भाशय की कोशिकाओं को नुकसान पहुंचा सकता है, जिससे कैंसर का खतरा बढ़ जाता है।
धूम्रपान: आजकल कम उम्र की महिलाओं में भी धूम्रपान की आदत बढ़ रही है। लगातार धूम्रपान करने से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर हो जाती है, जिससे वायरस और संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है।
लक्षणों को नजरअंदाज करना: योनि से बार-बार असामान्य डिस्चार्ज या बदबू आना, थकान, पीठ में दर्द या अनियमित पीरियड्स जैसे शुरुआती लक्षणों को महिलाएं अक्सर सामान्य मानकर नजरअंदाज कर देती हैं।


सर्वाइकल कैंसर से बचाव कैसे करें?
HPV वैक्सीन लगवाएं: यह इस कैंसर से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका है।
सुरक्षित यौन संबंध बनाएं: असुरक्षित संबंध बनाने से बचें, क्योंकि HPV वायरस इसी तरह फैलता है।
स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं: हेल्दी खाना खाएं और नियमित व्यायाम करें।
धूम्रपान से दूरी बनाएं: धूम्रपान और तंबाकू का सेवन पूरी तरह से बंद कर दें।
नियमित जांच: अगर आपको लगातार थकान, पीठ दर्द, यौन संबंध के बाद ब्लीडिंग या बदबूदार डिस्चार्ज जैसे लक्षण दिखें, तो बिना देरी किए डॉक्टर से जांच कराएं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mansa Devi

Related News