Hotel Room Booking: आखिर दिन के 12 बजे ही क्यों मिलता है Hotel का कमरा? सामने आई ये बड़ी वजह
punjabkesari.in Wednesday, Jun 24, 2026 - 11:31 AM (IST)
Hotel Room Booking Check In Time : जब भी हम किसी 3-स्टार या 5-स्टार होटल में कमरा बुक करते हैं तो अक्सर सुबह ही अपनी यात्रा पूरी कर होटल पहुंच जाते हैं लेकिन वहां फ्रंट डेस्क पर जाकर पता चलता है कि कमरा दोपहर 12:00 बजे से पहले नहीं मिलेगा। कई बार इस बात को लेकर मेहमानों और होटल स्टाफ के बीच बहस भी हो जाती है लेकिन क्या आप जानते हैं कि होटलों का यह नियम आपको परेशान करने के लिए नहीं बल्कि आपकी सुविधा और सुरक्षा के लिए बनाया गया है? आइए जानते हैं कि होटल में 24 घंटे का पैसा देकर भी दोपहर 12 बजे ही कमरा क्यों मिलता है?
होटल में चेक-आउट का समय आमतौर पर सुबह 10:00 से 11:00 बजे और चेक-इन का समय दोपहर 12:00 से 2:00 बजे के बीच होता है। इस सीमित समय के पीछे की मुख्य वजह हैं जोकि निम्नलिखित हैं:

आपसे पहले जो मेहमान उस कमरे में ठहरे थे उनके जाते ही कमरा काफी अस्त-व्यस्त हो जाता है। नए मेहमान को एक फ्रेश और साफ-सुथरा कमरा देने के लिए हाउसकीपिंग स्टाफ को कम से कम 3 घंटे का समय चाहिए होता है। इस दौरान स्टाफ बेडशीट और पिलो कवर बदलता है पूरे कमरे की डस्टिंग करता है और सबसे जरूरी बाथरूम व टॉयलेट को पूरी तरह सैनिटाइज करता है ताकि आपको कोई इंफेक्शन न हो।
यह भी पढ़ें: मर्दों से आई परेशान तो खुद से ही रचा ली शादी, फिर 1 साल बाद हो गई बोर, अब लिया अनोखा...
एक बड़े होटल में सैकड़ों कमरे होते हैं। अगर हर कोई अपनी मर्जी के समय पर आएगा और जाएगा तो स्टाफ के लिए यह ट्रैक करना नामुमकिन हो जाएगा कि कौन सा कमरा साफ है और कौन सा गंदा। एक फिक्स टाइमिंग होने से मैनेजमेंट बिना किसी तनाव के काम कर पाता है।

यह भारत ही नहीं, 'इंटरनेशनल स्टैंडर्ड' नियम है
आपको जानकर हैरानी होगी कि दोपहर 12 बजे चेक-इन का यह नियम सिर्फ भारत में ही नहीं बल्कि अमेरिका, लंदन, ऑस्ट्रेलिया समेत पूरी दुनिया में एक उद्योग मानक की तरह लागू होता है। इसके अलावा होटल इंडस्ट्री में एक रात (1 Night) की बुकिंग का मतलब ही दोपहर से लेकर अगले दिन की दोपहर तक माना जाता है जिससे 'डबल बुकिंग' (एक ही कमरा दो लोगों को अलॉट होना) की गलती नहीं होती।
अगर आप सुबह जल्दी होटल पहुंच जाएं, तो क्या करें?
अगर आपकी ट्रेन या फ्लाइट सुबह 7-8 बजे ही आपको शहर पहुंचा देती है तो परेशान होने के बजाय आप इन आसान टिप्स को अपना सकते हैं। होटल बुक करते समय ही उन्हें बता दें कि आप सुबह जल्दी पहुंचेंगे। अगर कमरे खाली होंगे तो कई होटल बिना किसी एक्स्ट्रा चार्ज के या फिर एक छोटा सा शुल्क लेकर आपको सुबह ही कमरा दे देते हैं। यदि कमरा तैयार नहीं है तो आप होटल के लॉबी एरिया में आराम कर सकते हैं।

आप अपना भारी सामान होटल के 'बैगेज स्टोरेज' (Luggage Room) में सुरक्षित रखवाकर कमरा मिलने तक आसपास के पर्यटन स्थलों या मार्केट का चक्कर लगा सकते हैं। ध्यान रखें कि बिजनेस होटलों में चेक-इन आमतौर पर 12 से 2 बजे होता है जबकि बड़े रिसॉर्ट्स में कमरों की तैयारी में ज्यादा वक्त लगता है इसलिए वहां चेक-इन का समय दोपहर 2 से 3 बजे के बीच हो सकता है।
