कौन हैं दिलजीत दोसांझ के पक्ष में आवाज उठाने वाले BJP नेता, जानिए क्या है पूरा मामला?
punjabkesari.in Monday, Jun 30, 2025 - 01:23 PM (IST)

नेशनल डेस्क: पंजाबी गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ की फिल्म ‘सरदार जी 3’ इन दिनों विवादों में है। विवाद की वजह फिल्म में पाकिस्तानी अभिनेत्री हानिया आमिर की मौजूदगी है। इस विवाद के बीच, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता आर.पी. सिंह ने दिलजीत दोसांझ का समर्थन किया है। उन्होंने बॉलीवुड यूनियन FWICE (फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज) की आलोचना करते हुए उनके बयानों को 'अनुचित' और 'अतार्किक' करार दिया है।
कौन हैं भाजपा नेता RP सिंह?
आर.पी. सिंह दिल्ली के राजेंद्र नगर से विधानसभा सदस्य रह चुके हैं और वे बीजेपी के राष्ट्रीय सचिव भी हैं। वे पार्टी का एक बड़ा सिख चेहरा माने जाते हैं और लंबे समय से राजनीति में सक्रिय हैं। शिक्षा की बात की जाए तो वह 12वीं पास हैं। हालांकि उन्होंने बी.कॉम (ऑनर्स) में दो साल तक पढ़ाई की, लेकिन फिर छोड़ दी।
क्या कहा ?
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट कर दिलजीत को 'राष्ट्रीय संपत्ति' और 'भारतीय संस्कृति का वैश्विक राजदूत' बताया। साथ ही उन्होंने बॉलीवुड यूनियन FWICE (फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज) की आलोचना करते हुए उनके बयानों को 'अनुचित' और 'अतार्किक' करार दिया। आर.पी. सिंह ने कहा कि FWICE द्वारा दिलजीत की नागरिकता रद्द करने की मांग उस फिल्म के लिए की गई है, जिसकी शूटिंग पहलगाम हमले से पहले पूरी हो चुकी थी। उन्होंने सवाल किया, "जब भारतीय क्रिकेट टीम पाकिस्तान के खिलाफ मैच खेल रही थी, तब किसी ने आपत्ति क्यों नहीं जताई?"
राष्ट्रवाद को हथियार बनाना उचित नहीं है- आर.पी. सिंह
उन्होंने आगे कहा, “टीवी चैनल पाकिस्तानी मेहमानों को रोज़ बुलाते हैं। क्या अब उन एंकरों को भी नागरिकता छोड़नी चाहिए? यह दोहरा मापदंड है।” उन्होंने FWICE से अपने रुख पर पुनर्विचार करने की अपील की और कहा कि राष्ट्रवाद को हथियार बनाना उचित नहीं है।