Rain Alert: पश्चिमी विक्षोभ का असर: अगले 24 घंटे में बारिश, बर्फबारी और शीतलहर का अलर्ट, IMD ने जारी की चेतावनी

punjabkesari.in Thursday, Jan 15, 2026 - 06:25 PM (IST)

नेशनल डेस्क: पूरे भारत में कड़ाके की सर्दी का सितम फिलहाल जारी है, हालांकि पहाड़ी राज्यों में 'पश्चिमी विक्षोभ' के सक्रिय होने से मौसम के मिजाज में कुछ बदलाव देखने को मिल रहा है। पिछले तीन महीनों से सूखे जैसे हालात झेल रहे हिमाचल प्रदेश के लिए राहत की खबर है क्योंकि अगले 24 घंटे यानि 16 जनवरी की रात से लेकर 20 जनवरी तक बारिश और बर्फबारी की जोरदार संभावना बन रही है।

शीतलहर का अलर्ट
हालांकि इस राहत से पहले ऊना, हमीरपुर और कांगड़ा जैसे जिलों में शीतलहर का अलर्ट है, जबकि मंडी और सोलन जैसे इलाकों में घना कोहरा छाया रहेगा। उत्तराखंड में भी 16 से 21 जनवरी के बीच पहाड़ों पर बर्फ और मैदानों में बारिश का अनुमान है, जिससे विजिबिलिटी काफी कम रह सकती है। मैदानी राज्यों में हरियाणा का हिसार सबसे ठंडा स्थान रहा जहाँ पारा गिरकर 0.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।

मैदानी इलाकों में पहाड़ों जैसी चुभने वाली ठंड
उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में पहाड़ों जैसी चुभने वाली ठंड का मुख्य कारण 'ला-नीना' और 'पोलर वोर्टेक्स' जैसी वैश्विक मौसमी घटनाओं को माना जा रहा है, जिनकी वजह से बर्फीली हवाएं सीधे मैदानी क्षेत्रों तक पहुंच रही हैं। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले कुछ दिनों तक पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान के साथ-साथ ओडिशा और झारखंड में भी गंभीर शीतलहर की स्थिति बनी रह सकती है।

दिल्ली में मौसम का हाल
दिल्ली और इसके आसपास के क्षेत्रों में दिन के समय धूप निकलने से मामूली राहत तो मिली है, लेकिन रात और सुबह के वक्त अब भी 'घने से बहुत घने' कोहरे की चेतावनी दी गई है। आने वाले दिनों में तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने की उम्मीद है, जिससे ठिठुरन में धीरे-धीरे कमी आ सकती है।

उत्तर प्रदेश में रातों में अभी भी पाला पड़ने की आशंका
उत्तर प्रदेश की बात करें तो यहां एक महीने की भीषण सर्दी के बाद अब धूप खिलने से दिन के तापमान में थोड़ा सुधार हुआ है। मेरठ, मुजफ्फरनगर और अलीगढ़ जैसे पश्चिमी जिलों में शीतलहर का प्रभाव कुछ कम हुआ है, लेकिन रातों में अभी भी पाला पड़ने की आशंका बनी हुई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों में न्यूनतम तापमान 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है, जिससे लोगों को सर्दी से कुछ और राहत मिलेगी, हालांकि कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है। कुल मिलाकर उत्तर भारत के राज्यों में फिलहाल कोहरे और ठंड का मिला-जुला असर बना रहेगा।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anu Malhotra

Related News