PM मोदी कृष्णानगर में चुनावी रैली के दौरान बोले- झालमुड़ी मैंने खाई, मिर्ची TMC को लगी
punjabkesari.in Thursday, Apr 23, 2026 - 01:24 PM (IST)
नेशनल डेस्क: पीएम मोदी आज बंगाल के कृष्णानगर में चुनावी रैली को संबोधित कर रहे हैं। संबोधन के दौरान पीएम ने कहा कि बंगाल से मिली जानकारियां संकेत दे रही हैं कि हवा बदल रही है, जहां भी मतदान अधिक हुआ, भाजपा को जीत मिली। उन्होंने हुए दावा किया कि विधानसभा चुनावों के दौरान हिंसा पिछले 50 वर्षों में न्यूनतम रही है। प्रधानमंत्री ने कहा, '' बंगाल में पिछले 50 वर्षों के चुनावी इतिहास में हिंसा न्यूनतम रही है। अब तक मुझे जो जानकारी मिली है, उससे मुझे पूरा विश्वास है कि यह जनादेश बदलाव के लिए होगा।'' उन्होंने दावा किया कि जब भी भारी संख्या में लोग मतदान करने निकले, भाजपा को निर्णायक जीत मिली है।

बंगाल में दोपहर एक बजे तक औसतन 62.18 प्रतिशत मतदान हुआ है। राज्य की 152 विधानसभा सीटों पर मतदान के शुरुआती कुछ घंटों के दौरान कुछ इलाकों से छिटपुट हिंसा की खबरें मिलीं। 'झालमुड़ी' विवाद को लेकर सत्ताधारी पार्टी पर कटाक्ष करते हुए मोदी ने कहा कि उन्होंने झालमुड़ी का आनंद लिया, लेकिन मिर्ची तृणमूल को लगी। मोदी ने कहा, "मैंने बंगाल में झालमुड़ी खाई, लेकिन लगता है कि मिर्ची तृणमूल को लगी।''
राज्य के लिए अपनी पूर्व की "छह चुनावी गारंटियों" के वादों पर आगे बढ़ते हुए, प्रधानमंत्री ने बंगाल की महिलाओं और बच्चों के उत्थान और कल्याण के उद्देश्य से नयी '10 मोदी-की-गारंटियों' की घोषणा की। उन्होंने कहा, "मोदी-की-गारंटी का मतलब स्वतः ही उन गारंटियों की पूर्ति है।" मोदी ने दावा किया, "इस बार टीएमसी बंगाल के कई जिलों में खाता भी नहीं खोल पाएगी। तृणमूल की घुसपैठियों को समर्थन देने की नीति को खत्म करना जरूरी है, क्योंकि यह हमारी भूमि के लिए खतरा पैदा करती है।'' प्रधानमंत्री ने आश्वासन दिया, "बंगाल में भाजपा के सत्ता में आने के बाद सीएए के तहत नागरिकता देने की प्रक्रिया को गति मिलेगी।''
