YouTube पर वायरल हुआ शादी का वीडियो, भद्दे कमेंट देखकर छत से कूदी महिला

punjabkesari.in Tuesday, Sep 19, 2017 - 12:35 AM (IST)

नई दिल्लीः राजस्थान के जयपुर से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक विवाहिता यूट्यूब पर अपनी शादी का वीडियो देखकर परेशान हो गई और बदनाम के डर से घर की दूसरी मंजिल से कूदकर जान देने की कोशिश की।

इस युवती की शादी नवंबर 2016 को हुई थी। शादी का वीडियो जिस शख्स ने एडिट किया था, उसी ने कुछ क्लिप्स यू-ट्यूब पर अपलोड कर दी थी। बताया जाता है कि इसी हफ्ते जब युवती ने यू-ट्यूब पर सर्फ किया तो वो हैरान रह गई। उसे वहां अपनी ही शादी का वीडियो नजर आया। ये देखकर युवती परेशान हो गई।

इससे भी ज्यादा परेशान करने वाली बात ये थी कि वीडियो पर बड़ी संख्या में कमेंट्स किए गए थे। महिला ने जब वीडियो देखा तो उसे पहले ही 8 लाख लोग देख चुके थे और उस पर 80 हजार से ज्यादा कमेंट्स थे। इनमें से कई बेहद अश्लील किस्म के कमेंट्स थे। 

ये देखकर महिला बेहद घबरा गई। उसे बदनामी का डर सताने लगा, जिसके बाद उसने अपने घर की दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी। 

गनीमत ये रही कि इस हादसे में उसकी जान नहीं गई लेकिन अब भी वो अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच झूल रही है। बताया जा रहा है कि आत्महत्या के इस प्रयास में महिला के शरीर की कई हड्डियां टूट गई हैं। 

इस घटना के बाद परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद रविवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। सोमवार को उसे जेल भेज दिया गया।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News