शादी का जश्न बदला मातम में...बंद कमरे में फंदे से लटका मिला शव, जानें इसके पीछे की वजह
punjabkesari.in Monday, Feb 23, 2026 - 05:46 PM (IST)
नेशनल डेस्क: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के लवकुश पुरम इलाके में उस वक्त मातम पसर गया, जब एक 36 वर्षीय युवक का शव उसके अपने ही घर में फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान मधुकर रंजन के रूप में हुई है, जो पेशे से एक डेंटल टेक्नीशियन थे। चौंकाने वाली बात यह है कि मधुकर के स्वभाव में कभी कोई तनाव नहीं दिखा, जिससे परिवार और दोस्त इस आत्मघाती कदम से हैरान हैं।
क्या है पूरा मामला?
घटना की शुरुआत शनिवार से हुई। मधुकर की पत्नी निशा ने बताया कि उनके एक रिश्तेदार के यहाँ शादी समारोह था। निशा चाहती थी कि उनके पति भी साथ चलें, लेकिन मधुकर ने यह कहकर मना कर दिया कि वह अपनी दुकान मंगल कर (बंद कर) रात में पहुँचेंगे। उन्होंने पत्नी को अकेले ही शादी में भेज दिया। शनिवार रात को जब निशा ने उन्हें फोन किया, तो मधुकर ने शादी में आने से पूरी तरह इनकार कर दिया। इसके बाद रविवार दोपहर को जब पत्नी ने दोबारा संपर्क करने की कोशिश की, तो मधुकर ने फोन उठाना बंद कर दिया।
दरवाजा तोड़ा तो सामने आया खौफनाक मंजर
रविवार देर रात जब निशा शादी से वापस घर लौटीं, तो मुख्य दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर तक कुंडी खटखटाने और आवाज लगाने के बाद भी अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। अनहोनी की आशंका होने पर पड़ोसियों को बुलाया गया। कुछ पड़ोसी छत के रास्ते घर के अंदर दाखिल हुए। अंदर जाते ही सबकी चीख निकल गई; मधुकर का शव कमरे में फंदे से लटक रहा था। आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस जांच और फॉरेंसिक साक्ष्य
कल्याणपुर थाना प्रभारी संतोष सिंह अपनी टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञों के साथ मौके पर पहुँचे। पुलिस ने पूरे घर की बारीकी से तलाशी ली, लेकिन मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही समय और कारणों का पुख्ता पता चल सकेगा।
परिवार में पसरा सन्नाटा, बेटी का बुरा हाल
मधुकर की एक 10 वर्षीय बेटी है, जिसका नाम इंदु है। वह नवोदय विद्यालय में पढ़ाई करती है। पिता की मौत की खबर सुनकर वह सुध-बुध खो बैठी है। मोहल्ले वालों का कहना है कि मधुकर बहुत ही मिलनसार और खुशमिजाज व्यक्ति थे, उन्हें देखकर कभी ऐसा नहीं लगा कि वह किसी बड़े मानसिक तनाव से गुजर रहे हैं।
