Heavy Rainfall Alert: इस राज्य में अगले 48 घंटों में बारिश और आंधी का अलर्ट, ओले गिरने और बिजली कड़कने की भी आशंका
punjabkesari.in Wednesday, Jan 21, 2026 - 09:40 AM (IST)
Heavy Rainfall Alert : उत्तर प्रदेश में भीषण ठंड के बीच अब कुदरत का एक और रंग देखने को मिलने वाला है। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी और सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के कारण यूपी के मौसम में बड़ा बदलाव आया है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में बारिश, आंधी और बिजली कड़कने की चेतावनी जारी की है।
अगले 3 दिनों का वेदर रिपोर्ट (21-23 जनवरी)
-
21 जनवरी (आज): पश्चिमी और पूर्वी यूपी में आसमान साफ रहेगा, लेकिन बर्फीली हवाओं के कारण गलन बनी रहेगी। सुबह के समय हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है।
-
22 जनवरी (कल): बादलों की आवाजाही शुरू होगी। पश्चिमी और पूर्वी यूपी के कुछ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है जिससे तापमान 2-3 डिग्री तक और गिर सकता है।
-
23 जनवरी: यह दिन सबसे ज्यादा चुनौतीपूर्ण हो सकता है। मौसम विभाग के अनुसार 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ेंगी।
कोहरे का यलो अलर्ट और यातायात पर असर
प्रदेश के कई जिले वर्तमान में घने कोहरे की चादर में लिपटे हुए हैं। विजिबिलिटी (दृश्यता) महज 50 मीटर तक रह गई है जिसका सीधा असर परिवहन पर पड़ा है। कोहरे के कारण 20 से ज्यादा ट्रेनें 8 से 10 घंटे की देरी से चल रही हैं। लखनऊ, अलीगढ़, जौनपुर, बाराबंकी, हाथरस, आगरा, मेरठ और लखीमपुर खीरी में अगले 48 घंटों तक घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है।
तापमान का हाल: ठिठुर रहा है उत्तर प्रदेश
पहाड़ों से आ रही ठंडी हवाओं ने मैदानी इलाकों में कनकनी बढ़ा दी है। हाल ही में बुलंदशहर राज्य का सबसे ठंडा इलाका रहा जहां न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। अनुमान है कि आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान 21°C और न्यूनतम तापमान 5°C के आसपास बना रहेगा। इससे पहले अलीगढ़ और लखीमपुर खीरी जैसे इलाकों में ओले गिरने से फसलों को भी नुकसान पहुंचा है।



