Weather Alert: देशभर में बारिश और शीतलहर का कहर, IMD ने इन राज्यों में जारी किया अलर्ट

punjabkesari.in Tuesday, Nov 18, 2025 - 06:14 PM (IST)

नेशनल डेस्कः देश के विभिन्न हिस्सों में इन दिनों मौसम तेजी से बदल रहा है। ठंड का प्रकोप बढ़ता जा रहा है और मौसम विभाग ने कई राज्यों के लिए बारिश और शीतलहर की चेतावनी जारी की है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में एक निम्न दाब का क्षेत्र सक्रिय है। इसके ऊपरी वायुमंडल में चक्रवाती हवाओं का असर भी देखा जा रहा है। इसके प्रभाव से तमिलनाडु में 18 से 23 नवंबर तक कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होगी। वहीं, कुछ हिस्सों में भारी बारिश की भी संभावना है। केरल और माहे में 20 से 23 नवंबर तक बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।

तटीय आंध्र प्रदेश में 18 नवंबर, और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में 19 से 22 नवंबर तक भारी से अति भारी बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने मछुआरों को भी 18 से 22 नवंबर तक प्रभावित समुद्री क्षेत्रों में जाने से बचने की सलाह दी है।

उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत में शीतलहर

उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के कई मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 2-4 डिग्री सेल्सियस कम है। पश्चिम मध्य प्रदेश में 18-19 नवंबर को कुछ हिस्सों में शीतलहर की स्थिति बनी रहेगी, जबकि 20-21 नवंबर को अलग-अलग जगहों पर शीतलहर बनी रहने की संभावना है। पूर्वी राजस्थान, पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, मराठवाड़ा, तेलंगाना और विदर्भ के लिए भी 18-20 नवंबर के दौरान शीतलहर की चेतावनी जारी की गई है।

शीतलहर की चेतावनी

आईएमडी ने ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर और चार जिलों के लिए शीतलहर की चेतावनी जारी की है। सोमवार को उदयगिरि 5.4 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा। मंगलवार सुबह तक झारसुगुड़ा, खोरधा, सुंदरगढ़ और कंधमाल जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। कटक, भुवनेश्वर और अंगुल में भी शीतलहर की स्थिति बनी रहेगी। बुलेटिन में कहा गया है कि राज्य के अधिकांश जिलों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 5-7 डिग्री कम है।

झारखंड में शीतलहर अलर्ट

झारखंड में गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, लोहरदगा, गुमला और सिमडेगा जिलों में शीतलहर की चेतावनी जारी की गई है। सोमवार को गुमला में न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि लोहरदगा में यह 7.6 डिग्री सेल्सियस रहा। रांची में तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.9 डिग्री कम है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Sahil Kumar

Related News