कांग्रेस को वोट देना मुस्लिम लीग को वोट देने के समान होगा, योगी आदित्यनाथ का NDA पर निशाना

punjabkesari.in Thursday, May 30, 2024 - 10:27 PM (IST)

नेशनल डेस्क : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस के घोषणापत्र को मुस्लिम लीग का घोषणापत्र बताते हुए बृहस्पतिवार को मतदाताओं से कहा कि कांग्रेस को वोट देना मुस्लिम लीग को वोट देने जैसा होगा। योगी आदित्यनाथ हिमाचल प्रदेश के मंडी से भाजपा उम्मीदवार कंगना रनौत और हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र से पार्टी प्रत्याशी तथा केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर के समर्थन में प्रचार कर रहे थे। उन्होंने ठाकुर को नरेन्द्र मोदी सरकार के ‘‘नवरत्नों'' में से एक बताया और कंगना की तुलना रानी लक्ष्मीबाई से की। योगी ने कुल्लू और हमीरपुर में दो रैलियों को संबोधित करते हुए कहा कि 1940 के दशक में मुस्लिम लीग ने जो किया, वही आज कांग्रेस कर रही है। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस सत्ता में आई तो मुस्लिम पर्सनल लॉ लागू किया जाएगा और महिलाओं की आजादी छीन ली जाएगी।

उन्होंने कहा कि वहीं दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) बी आर आंबेडकर द्वारा तैयार संविधान के तहत देश में शासन करेगी। भाजपा उम्मीदवार एवं अभिनेत्री कंगना रनौत के लिए वोट मांगते हुए योगी ने कहा कि उन्होंने बॉलीवुड में अपने लिए एक अलग पहचान बनाई और मुंबई में कांग्रेस और महाराष्ट्र के तत्कालीन मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के साथ अकेले लड़ाई लड़ी। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे शनिवार को मतदान के दिन कम से कम 10 घरों में जाएं और लोगों को मतदान केंद्रों तक ले जाएं। सूचना एवं प्रसारण मंत्री ठाकुर के लिए लोगों से वोट देने का आग्रह करते हुए योगी ने कहा, ‘‘मुझे इसमें कोई संदेह नहीं है कि अनुराग जीतेंगे लेकिन मैं आपसे अपील करने आया हूं कि आप उन्हें रिकॉर्ड मतों से जिताएं।''

उन्होंने कहा कि ठाकुर ने खेल के क्षेत्र में ‘‘उत्कृष्ट कार्य'' किया है और उनके पास सूचना एवं प्रसारण जैसा प्रतिष्ठित मंत्रालय है, जो पूर्व में लाल कृष्ण आडवाणी, सुषमा स्वराज और अरुण जेटली जैसे दिग्गजों के पास रहा है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने कहा कि ठाकुर केवल हिमाचल के बेटे नहीं हैं, बल्कि भारत के भी बेटे हैं और उन्होंने हिमाचल और पूरे देश में स्टेडियम का निर्माण कराया है। उन्होंने कहा कि यदि युवा खेलों में भाग लेंगे तो वे नशे से दूर रहेंगे और भारत के विकास में योगदान देंगे। उन्होंने कहा कि अतीत में भारत ओलंपिक, एशियाई खेलों और राष्ट्रमंडल खेलों में भाग लेता रहा है, लेकिन कुछ ही पदक जीत पाता था। उन्होंने कहा कि ठाकुर के खेल मंत्री बनने के बाद भारत ने ओलंपिक और अन्य खेलों में रिकॉर्ड संख्या में पदक जीते हैं और भारत 2036 में ओलंपिक खेलों का आयोजन स्थल होगा।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि ‘‘कांग्रेस के शहजादे'' गरीबी उन्मूलन के लिए संपत्ति का सर्वेक्षण कराने पर तुले हुए हैं, जिसका अर्थ है कि लोगों की पैतृक संपत्तियों पर भारी कर लगाया जाएगा और इन संपत्तियों को मुसलमानों के बीच बांट दिया जाएगा। कांग्रेस पर ‘‘पाकिस्तान समर्थक नारे'' लगाने के लिए हमला करते हुए योगी ने कहा, ‘‘भारत में 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन दिया जा रहा है, जबकि पाकिस्तान में 30 करोड़ लोग भूख से मर रहे हैं। यदि कांग्रेसी पाकिस्तान चले गए तो उन्हें भीख भी नहीं मिलेगी।''

उन्होंने कहा, ‘‘वर्तमान चुनाव ‘राम भक्त' और ‘राम विरोधियों' के बीच की लड़ाई है। ‘राम विरोधी' आतंकवाद और नक्सलवाद का समर्थन करते हैं, राष्ट्र के अस्तित्व और पहचान पर सवाल उठाते हैं, विकास में बाधा डालते हैं और गरीबों को लूटते हैं।'' योगी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 10 वर्ष में किए गए विकास कार्यों का भी उल्लेख किया और कहा कि केवल एक ही नारा ‘‘मोदी सरकार तीसरी बार, अब की बार 400 पार'' पूरे देश में फैल रहा है।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार में देश की सीमाएं अधिक सुरक्षित हुई हैं, दुनिया में भारत का सम्मान बढ़ा है तथा आतंकवाद और नक्सलवाद समाप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि काशी और अयोध्या के बाद वे (भाजपा) मथुरा मंदिर मुद्दे को उठाने की योजना बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सुरक्षा, विकास और लोगों के कल्याण का पर्याय है, जबकि विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया' एक विभाजित गुट है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) ‘इंडिया' गठबंधन में साझीदार हैं, लेकिन पंजाब में एक-दूसरे का विरोध कर रहे हैं। योगी ने कहा कि इसी तरह पश्चिम बंगाल में कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस एक-दूसरे को गाली दे रहे हैं, लेकिन ये दोनों दल ‘इंडिया' गठबंधन का हिस्सा हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News