उत्तर प्रदेश: खतरे के निशान से ऊपर हुआ गंगा, यमुना और शारदा समेत कई प्रमुख नदियों का जलस्तर
punjabkesari.in Thursday, Aug 07, 2025 - 01:09 PM (IST)

नेशनल डेस्क: उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में स्थित जलग्रहण क्षेत्र में व्यापक वर्षा होने से गंगा, यमुना और शारदा समेत राज्य की अनेक प्रमुख नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर बना हुआ है। केंद्रीय जल आयोग की रिपोर्ट के मुताबिक बुधवार को गंगा नदी कछला पुल (बदायूं), गाजीपुर, छतनाग और फाफामऊ (प्रयागराज), बलिया, मिर्जापुर और वाराणसी में खतरे के निशान से ऊपर है। रिपोर्ट के अनुसार कछला पुल पर गंगा नदी का जलस्तर बढ़ रहा है जबकि गाजीपुर में यह स्थिर है। वहीं छतनाग और फाफामऊ (प्रयागराज), बलिया, मिर्जापुर और वाराणसी में नदी का जलस्तर घट रहा है।
ये भी पढ़ें- कुत्तों के हक में दिल्ली हाईकोर्ट का फैसला,कहा- इंसानों के अच्छे दोस्त हैं उनके साथ ठीक व्यवहार करें
इसी तरह घाघरा नदी अयोध्या और एल्गिन ब्रिज (बाराबंकी) में खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। अयोध्या में गंगा नदी का जलस्तर बढ़ रहा है जबकि एल्गिन ब्रिज पर स्थिर है। नैनी (प्रयागराज) में खतरे के निशान से ऊपर बह रही यमुना नदी का जलस्तर भी कम होने लगा है। वहीं भिनगा (श्रावस्ती) और राप्ती बैराज (श्रावस्ती) में खतरे के निशान से ऊपर बह रही राप्ती नदी का जलस्तर भी घट रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक शारदा नहर पलियाकलां (लखीमपुर खीरी) में अब भी खतरे के निशान से ऊपर है मगर अब इसका जलस्तर कम हो रहा है।