अमेरिका ने आतंकी अजहर पर समर्थन के बदले भारत से मांगी बड़ी मदद

punjabkesari.in Wednesday, Apr 24, 2019 - 12:46 PM (IST)

वॉशिंगटनः पुलवामा हमले के बाद पाकिस्तान के आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद और उसके सरगना मसूद अजहर पर शिकंजा कसने के लिए भारत जी जान से जुटा है। भारत को कोशिश मसूद अजहर को वैश्विक आतंकी घोषित कराने की है, लेकिन चीन बार-बार इसमें रोड़ा अटका रहा है। हालांकि दुनिया की महाशक्ति अमेरिका इस मामले में भारत के साथ है और चीन पर दबाव बनाने की कोशिश भी कर रहा है। द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिका मसूद अजहर के मामले में भारत की मदद के बदले  उससे बड़ी कुर्बानी मांग रहा है।

PunjabKesari

दरअसल मसूद की आड़ में अमेरिका खुद भी भारत से एक अन्य मामले में मदद चाहता है। दरअसल अमेरिका, भारत द्वारा ईरान से किए जाने वाले तेल आयात पर पाबंदी चाहता है। बता दें कि अमेरिका ने बीते साल दुनियाभर के देशों पर नवंबर में ईरान से तेल आयात पर प्रतिबंध लगा दिया था। अमेरिका ने इसके लिए विभिन्न देशों को 6 माह का समय दिया था। जिसकी अवधि आगामी 1 मई को समाप्त हो रही है। भारत भी ईरान से बड़ी मात्रा में तेल का आयात करता है। यही वजह है कि अमेरिका ने भारत को भी ईरान से तेल आयात पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है।

PunjabKesari

खबर के अनुसार, अमेरिका ने भारत को चाबहार बंदरगाह के विकास के मामले में छूट दे दी है, लेकिन वह ईरान से तेल आयात पर पूरी पाबंदी चाहता है। एक अंग्रेजी अखबार में छपे आंकड़ों के अनुसार, भारत ने साल 2018-19 में ईरान से 24 मिलियन टन तेल आयात किया। अब अमेरिका द्वारा प्रतिबंध लगाने के बाद भारत को किसी अन्य तेल आपूर्तिकर्ता देश से इसकी भरपाई करनी होगी। सऊदी अरब और यूएई भारत को इस तेल की भरपाई करने के लिए तैयार भी हैं। अमेरिका अधिकारियों का एक दल इन दिनों भारत आया हुआ है, जो कि ईरान पर तेल पाबंदी के मुद्दे पर भारतीय अधिकारियों के साथ बातचीत करेगा।

PunjabKesari

उल्लेखनीय है कि अमेरिका का दावा है कि ईरान तेल से हो रही कमाई से विद्रोही गुटों और आतंकी संगठनों को फंडिंग कर रहा है, साथ ही ईरान अपने परमाणु कार्यक्रम को भी चोरी-छिपे संचालित कर रहा है। यही वजह है कि अमेरिका ने ईरान के तेल आयात पर पाबंदी लगाने का फैसला किया है। हालांकि अमेरिका द्वारा ईरान पर लगाया गया प्रतिबंध भारत के लिए बड़ी चुनौती साबित हो सकता है।

PunjabKesari

चूंकि भारत की अपनी बढ़ती तेल जरुरतों के लिए तेल निर्यात पर काफी निर्भरता है, इसलिए अमेरिका द्वारा ईरान से तेल आयात पर पाबंदी भारत के लिए काफी मुश्किलें ला सकती हैं। इसके अलावा भारत की ईरान के साथ चाबहार बंदरगाह पर रणनीतिक साझेदारी भी है। ऐसे में भारत के सामने अमेरिका को खुश रखने के साथ ही ईरान को भी अपने से दूर नहीं जाने देने की चुनौती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Tanuja

Recommended News

Related News