छोटा शकील बोला, डी कंपनी का साफ फंडा है दुश्मन को खत्म करो
punjabkesari.in Tuesday, Oct 27, 2015 - 11:05 AM (IST)

नई दिल्ली: अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा राजन की गिरफ्तारी पर दाऊद के गुर्गे छोटा शकील का बयान सामने आया है। शकील ने एक अंग्रेजी अखबार से बातचीत करते हुए कहा कि उसने ही राजन को इंडोनेशिया जाने को मजबूर किया। शकील ने कहा है कि वो राजन की गिरफ्तारी से खुश नहीं है और वो राजन को जान से मारने की कोशिशों में जुटा रहेगा।
राजन ने कहा कि उसके लोग फिजी से छोटा राजन का पीछा कर रहे हैं। जिसके चलते राजन को इंडोनेशिया भागना पड़ा। शकील ने ये भी कहा कि वो भारत सरकार पर भरोसा नहीं करता क्योंकि इसकी कोई गांरटी नहीं है कि राजन के खिलाफ मुकदमा चलाया जाएगा। शकील ने साफ तौर पर कहा कि डी कंपनी का साफ फंडा है दुश्मन को खत्म करो।
गौरतलब है कि भारत के मोस्ट वॉन्टेड अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा राजन को इंडोनेशिया में गिरफ्तार कर लिया गया है। भारतीय गृह मंत्रालय ने राजन की गिरफ्तारी की खबर की पुष्टि की है। पुलिस के मुताबिक, छोटा राजन सिडनी से बाली आया था। ऑस्ट्रेलियन पुलिस ने इंडोनेशिया प्रशासन को उसके पहुंचने की सूचना दी थी। उसके बाद पुलिस ने उसे एयरपोर्ट पर ही दबोच लिया। छोटा राजन भारत में 15 से 20 हत्याओं का आरोपी है। उसके खिलाफ इंटरपोल ने रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया था। बता दें कि छोटा राजन का असली नाम राजेंद्र सदाशिव है। इस समय उसकी उम्र 55 साल है।