Greater Noida में दो स्कूल बसों की भीषण भिड़ंत: 12 से ज्यादा बच्चे घायल, मची चीख-पुकार

punjabkesari.in Monday, Apr 13, 2026 - 10:34 AM (IST)

Greater Noida Bus Accident : ग्रेटर नोएडा के दादरी थाना क्षेत्र के रूपवास गांव के पास आज सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार का कहर दो स्कूल बसों पर टूटा जिससे चीख-पुकार मच गई। इस टक्कर में एक दर्जन से अधिक स्कूली बच्चे घायल हो गए हैं जबकि एक बस चालक जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है।

कैसे हुआ हादसा?

यह घटना सुबह करीब 7:00 बजे आमका रोड पर हुई। चश्मदीदों के मुताबिक रामाज्ञा स्कूल की एक तेज रफ्तार बस के चालक ने अपना नियंत्रण खो दिया और सामने से आ रही जीसस मैरी स्कूल की बस को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि दोनों बसों के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। हादसे के वक्त जीसस मैरी स्कूल की बस में लगभग 25 बच्चे सवार थे जबकि दूसरी बस खाली बताई जा रही है।

रेस्क्यू ऑपरेशन और घायलों की स्थिति

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़े और पुलिस को सूचना दी। घायल बच्चों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों के अनुसार अधिकांश बच्चों को मामूली चोटें आई हैं लेकिन कुछ के सिर में चोट लगने के कारण उन्हें डॉक्टरों की कड़ी निगरानी में रखा गया है। स्कूल बस का चालक बस के केबिन में बुरी तरह फंस गया था जिसे पुलिस और स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। उसके सिर में गंभीर चोट आई है और फिलहाल वह ICU में भर्ती है।

यह भी पढ़ें: हंगरी में बड़ा राजनीतिक उलटफेर: 16 साल बाद सत्ता से बाहर हुए ओर्बन, Peter Magyar संभालेंगे देश की कमान

अभिभावकों में भारी आक्रोश

जैसे ही हादसे की खबर फैली बच्चों के माता-पिता घबराए हुए अस्पताल की ओर भागे। अस्पताल में शौर्य नगर, अभिषेक शुक्ला, प्रज्ञा, जानवी और पीहू समेत कई बच्चों के परिजन अपनी संतानों की कुशलता जानने के लिए व्याकुल दिखे। परिजनों ने स्कूल प्रबंधन और ड्राइवरों की लापरवाही पर गंभीर सवाल उठाए हैं।

पुलिस की कार्रवाई

एडिशनल डीसीपी (ग्रेटर नोएडा) सुधीर कुमार ने बताया कि घायल बच्चों का इलाज चल रहा है। पुलिस ने दोनों बसों को कब्जे में ले लिया है। घटना के बाद रामाज्ञा स्कूल की बस का ड्राइवर मौके से फरार हो गया है जिसकी तलाश के लिए पुलिस टीमें छापेमारी कर रही हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Rohini Oberoi

Related News